ऊना। जिले में लगातार हुई मूसलाधार बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। बारिश से कई क्षेत्रों में भारी क्षति पहुंची है। इस दौरान कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया जबकि कई खेत-खलिहान पानी से लबालब हो गए। मुख्यालय के रक्कड़ कॉलोनी स्थित बसंत बिहार, लोअर देहलां, बहड़ाला, अंब, हरोली के लोअर बढेड़ा के मकानों व दुकानों में बरसाती पानी ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी। वहीं व्यापारिक प्रतिष्ठानों का सामान भी खराब हो गया। कई जगह घरों में दो-दो फुट तक पानी घुस गया। मंगलवार देर रात से शुरू हुई भारी बारिश बुधवार देर शाम तक जारी रही। इससे जन जीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया। पानी निकासी की व्यवस्था न होने के कारण बरसात ने काफी नुकसान पहुंचाया। उधर, बहडाला में दुकानों में घुसे पानी के कारण दुकानदारों का हजारों रुपये का नुकसान हो गया है। घरों और दुकानों में पानी घुसने के कारण लोगों में काफी रोष था। लोअर देहलां निवासी रोहित धीमान ने बताया कि मंगलवार रात भर हुई बारिश के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि बरसात का पानी उनके घर में घुस गया जिससे सभी कमरों में कीचड़ और बरसाती पानी भर गया। उन्होंने बताया कि मदद के लिए उन्होंने दमकल विभाग को भी फोन किया, लेकिन वहां से गाड़ी उपलब्ध न होने की बात कही गई। उसके बाद पूरे परिवार ने रात भर पानी बाहर निकालते रहे। वहीं हरोली के लोअर बढेड़ा में खड्ड का पानी करीब आधा दर्जन घरों व खेतों में घुस गया। स्थानीय निवासी करनैल सिंह, जरनैल सिंह, रमेश कुमार, रविंद्र सिंह, विजय कुमार, करतार सिंह, संजीव कुमार, विकास कुमार, आरती, आशा रानी, नरेश कुमारी, मीना कुमारी, सुमन कुमारी एवं सुषमा ने बताया कि खड्ड का पानी घरों में घुसने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। भारी बरसात के चलते स्वां एवं अन्य सहायक खड्डों का जलस्तर भी काफी बढ़ गया है। इसके बावजूद स्वां तट किनारे बसे प्रवासी मजदूरों ने अभी तक डेरा जमा रखा है। प्रशासन की ओर से निर्देश जारी होने के बावजूद प्रवासी मजदूर स्वां तट को खाली नहीं कर रहे हैं। उधर, मौसम विभाग के कार्यकारी अधिकारी विनोद शर्मा के मुताबिक अगले एक दो दिन तक मौसम खराब रहने के आसार हैं।