ऊना। पुलिस चौकी जोल के तहत उगांव छतेहड़ में 15 वर्षीय बच्चे को सांप ने डस लिया। परिजन उसे पीजीआई ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बच्चे की पहचान अभिषेक निवासी छतेहड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। अभिषेक दसवीं कक्षा का छात्र था। जानकारी के अनुसार अभिषेक मंगलवार रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सो गया। रात करीब 2 बजे जहरीले सांप ने डंस लिया। परिजन तुंरत उसे नजदीक मंदिर में झाड़ फूंक करवाने ले गए, लेकिन तबीयत बिगड़ने के बाद उसे क्षेत्रीय अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्चे की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया। पूरे शरीर में जहर फैलने के कारण बच्चे ने रास्ते में दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद तहसीलदार जोल विपिन ठाकुर अभिषेक के घर पहुंचे और परिजनों को फौरी तौर पर 10 हजार रुपये की मदद दी। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। सीएमओ ऊना डॉ. प्रकाश दड़ोच ने कहा कि सर्पदंश होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचाएं। झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ें।