अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। पूर्व मंत्री सिंघीराम की शिकायत पर चार पुलिस जवानों के खिलाफ बैठाई जांच की रिपोर्ट आ गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी रोहन चंद ठाकुर ने बताया कि रिपोर्ट में शिकायत में लगे दोनों आरोप निराधार साबित हुए हैं। ऐसे में शिकायत खारिज की जा रही है। पूर्व मंत्री और रामपुर से बतौर आजाद उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे सिंघीराम ने दो दिन पहले कुछ पुलिस वालों पर सुरक्षा और चुनाव संबंधी गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। इसके अलावा इलाके में कुछ कार्यों के लिए पैसा रिलीज करने को लेकर भी सवाल उठाए थे। शिकायत मिलने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी रोहन चंद ठाकुर ने इसकी जांच का जिम्मा एसडीएम रामपुर को सौंप दिया था। जांच के दौरान एसडीएम ने चुनाव प्रक्रिया के दौरान की गई वीडियोग्राफी चेक की। इसमें साफ हो गया कि पुलिस जवानों पर लगे आरोप सही नहीं हैं। इसके अलावा पैसा जारी करने को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की गई है। इसमें बताया गया है कि यह काम चुनाव से पहले से चले हुए हैं। इनके लिए ही यह पैसा जारी हुआ है। आचार संहिता के दौरान कोई नया काम शुरू नहीं किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी रोहन चंद ठाकुर ने बताया कि शिकायत में दिए दोनों आरोप जांच में निराधार पाए गए हैं।