अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शिमला ग्रामीण से युकां प्रदेश अध्यक्ष विक्रमादित्य के अलावा प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य प्रदीप वर्मा ने भी टिकट के लिए आवेदन किया है। ग्रामीण से टिकट की दावेदारी से ब्लॉक कांग्रेस में खलबली है। कार्यकर्ताओं के बीच सुगबुगाहट शुरू हो गई है। हालांकि सभी यही मानकर चल रहे हैं कि विक्रमादित्य का टिकट फाइनल है। लेकिन प्रदीप के आवेदन से कई मायने निकाले जा रहे हैं।
प्रदीप ने अपने समर्थकों के साथ मंगलवार दोपहर बाद कांग्रेस कार्यालय में टिकट के लिए आवेदन किया। प्रदीप अधिवक्ता हैं और 24 सालों से कांग्रेस के विभिन्न संगठनों में अहम पदों पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। सुन्नी कोआपरेटिव यूनियन के निदेशक भी हैं। वह शिमला ग्रामीण की पंचायत थाची से ताल्लुक रखते हैं। इनके अलावा बीडीसी सदस्य धर्म सिंह ने भी टिकट के लिए आवेदन किया है। शिमला ग्रामीण से कुल तीन उम्मीदवारों के आवेदन हुए हैं।
शिमला ग्रामीण से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपने बेटे विक्रमादित्य को चुनाव में उतारने का एलान किया है। विक्रमादित्य ने विधानसभा क्षेत्र में संपर्क अभियान भी शुरू कर दिया है। बीजेपी इनके खिलाफ मजबूत प्रत्याशी खोज रही है। सभी मान कर चल रहे थे कि शिमला ग्रामीण से विक्रमादित्य के अलावा शायद ही कोई आवेदन करे, लेकिन प्रदीप वर्मा की दावेदारी ने सभी को चौंका दिया है। प्रदीप वर्मा ने कहा कि वह 23 सालों से कांग्रेस से जुड़े हैं। उनका किसी से भी कोई विरोध नहीं है। कांग्रेस जिसे भी टिकट देगी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे।