शिमला। अरे भई! ये तो बिल्कुल मेरा हमशक्ल लग रहा है। दूर से देख कर कोई भी धोखा खा सकता है। शनिवार को राजधानी शिमला स्थित वैक्स म्यूजियम में अपने पुतले का अनावरण करते हुए यह बात मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कही। वैक्स म्यूजियम की ओर से मुख्यमंत्री का मोम का पुतला बनाया गया है। इससे पूर्व इस म्यूजियम में देश और दुनिया की कई बड़ी हस्तियों के मोम के पुतले रखे गए हैं। शनिवार सुबह म्यूजियम में पहुंचते ही सीएम अपने हमशक्ल को देख कर हैरान रह गए। उन्होंने म्यूजियम के प्रबंधन की पुतला बनाने के लिए सराहना की। सीएम ने इस दौरान अन्य हस्तियों के पुतलों को भी देखा। म्यूजियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा सहित फिल्म और खेल जगत की कई बड़ी हस्तियों के मोम के पुतले बनाए गए हैं।