जुन्गा (शिमला)। क्षय रोग मुक्त होने पर मशोबरा और टुटू स्वास्थ्य ब्लॉक की 17 पंचायतों को सम्मानित किया गया। क्षय रोग उन्मूलन के तहत जिला कार्यक्रम अधिकारी की टीम के सत्यापन के बाद यह सम्मान पंचायतों को मिला है। स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ पर्यवेक्षक अनमोलराज कौंडल ने बताया कि इन पंचायतों में टीबी मरीजों की पहचान, उपचार, दवा संवेदनशीलता परीक्षण और निक्षय पोषण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने बताया कि टुटू स्वास्थ्य ब्लॉक की 11 पंचायतों ने इस अभियान में सफलता हासिल की। इसमें छलोग, जनोल, कोट और पाहल पंचायतों को स्वर्ण पदक प्रदान किया। आनंदपुर पंचायत ने रजत पदक हासिल किया। बैंश, भलोह, घंडल, मयाली, ओखरू और शामलाघाट पंचायतों को कांस्य पदक से सम्मानित किया गया। वहीं मशोबरा ब्लॉक की छह पंचायतों ने भी टीबी उन्मूलन की दिशा में बेहतर प्रदर्शन किया। पटगैहर पंचायत को रजत पदक मिला, जबकि बालोग, घड़ कधेड़ी (भरंडी), मूलकोटी, पीरन और सतलाई पंचायतों ने कांस्य पदक हासिल किया। संवाद