कोटी बरांडी पेयजल परियोजना की पाइपलाइन टूटने से शुक्रवार को शहर में पेयजल शेड्यूल गड़बड़ा गया। न्यू शिमला, कंगनाधार, विकासनगर समेत कई इलाकों में सुबह के समय पानी नहीं आया। इन इलाकों में रोजाना सुबह के समय पानी दिया जाता है। लेकिन शुक्रवार को देर शाम कुछ इलाकों में पानी दिया गया। कंपनी के अनुसार क्वालग के पास वीरवार शाम कोटी बरांडी परियोजना की पाइपलाइन टूट गई थी।
शुक्रवार शाम इसे दुरुस्त कर लिया गया है। इस परियोजना से शुक्रवार को शहर के लिए महज 1.87 एमएलडी पानी की सप्लाई मिल पाई। आमतौर पर इस योजना से करीब चार एमएलडी पानी शहर को मिलता है। सप्लाई घटने का असर शुक्रवार को कई इलाकों में देखने को मिला। हालांकि, पेयजल कंपनी अभी ज्यादातर इलाकों में रोज पानी दे रही है, लेकिन अचानक शेड्यूल बिगड़ने से नगर निगम दफ्तर में लोगों के फोन बजने लगे। कंपनी का कहना है कि पाइपलाइन की मरम्मत कर ली गई है। शनिवार से पेयजल सप्लाई सामान्य हो जाएगी।
पुरानी लाइन टूटने से परेशानी
पेयजल कंपनी ने इस परियोजना की नई पाइपलाइन बिछाई है। क्वालग के पास जमीन विवाद के चलते 70 मीटर लाइन नहीं बदली जा सकी है। यहां पुरानी लाइन ही जोड़ी गई है। कंपनी एजीएम राजेश कश्यप का कहना है कि वीरवार शाम यही पुरानी लाइन फट गई थी जिससे शहर के लिए सप्लाई ठप हो गई। अब इसे ठीक कर लिया है।