शहर में एक स्कूल के बाहर लगा जाम।
- फोटो : अमर उजाला
सर्कुलर रोड पर स्थित शहर के नामी स्कूल बच्चों से मोटी फीस तो वसूल रहे हैं, लेकिन उन्हें स्कूल से लाने और ले जाने के लिए चल रही गाड़ियों के लिए पार्किंग तक की सुविधा नहीं दे रहे। रोज सुबह आठ से लेकर दस और शाम तीन से पांच बजे इन स्कूलों के बाहर गाड़ियों का जमावड़ा लग जाता है। अकेले सेंट एडवर्ड स्कूल के बाहर रोज 60 से ज्यादा गाड़ियां पहुंचती हैं जिनसे लंबा जाम लगता है। इनमें बच्चों को छोड़ने के लिए आने वाली अफसरों और नेताओं की गाड़ियां भी शामिल हैं जो सर्कुलर अवैध पार्किंग कर जाम लगाती हैं।
पुलिस इनके आगे बेबस नजर आती है। इनके न तो चालान कटते हैं और न ही कोई कार्रवाई होती है। सर्कुलर रोड पर हिमलैंड, लॉन्गवुड, नवबहार और ताराहॉल के समीप रोज लंबा जाम लगता है। ऐसा नहीं है कि इन स्कूलों के पास पार्किंग के लिए जगह नहीं। लेकिन ये पार्किंग की सुविधा देना ही नहीं चाहते। नगर निगम ने इन स्कूलों में पार्किंग स्थल चिन्हित करने के लिए जो कमेटी बनाई थी, उसने सुझावों में जिक्र किया है कि कैसे इन स्कूलों के कैंपस में ही पार्किंग की सुविधा दी जा सकती है। निगम ने कई महीने पहले स्कूलों को ये सुझाव दिए थे। लेकिन स्कूल है कि मानते नहीं।
अब सुधरेगी व्यवस्था, जाम से मिलेगी राहत
व्यवस्था सुधारने के लिए प्रदेश हाईकोर्ट ने जो ताजा आदेश जारी किए हैं, उससे शहरवासियों को जल्द जाम से राहत मिल सकती है। नामी स्कूलों पर कोर्ट की सख्ती का असर अगले कुछ दिन में देखने को मिल सकता है। निगम की कमेटी ने स्कूलों की जिम्मेदारी भी तय की है कि वे स्कूलों के बाहर यातायात सुचारू करने के लिए कर्मचारियों की तैनाती करें। देखना है कि इन सुझावों पर कितने स्कूल अमल करते हैं।