अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहरवासियों को येलो लाइन पार्किंग की सुविधा न देने पर सरकार ने सोमवार सुबह ही नगर निगम प्रशासन से जवाब तलब कर लिया। पूछा कि आखिर सीएम के आदेशों पर अमल क्यों नहीं हो रहा। अमर उजाला में छपी खबर पर संज्ञान लेते हुए मुख्य सचिव ने नगर निगम आयुक्त पंकज राय से इस मामले पर रिपोर्ट ली। निर्देश दिए कि सीएम के आदेशों को लागू किया जाए। महापौर कुसुम सदरेट ने सुबह दस बजे दफ्तर पहुंचकर सबसे पहले येलो लाइन पार्किंग सेे जुड़ी फाइल पर हस्ताक्षर किए। फिर आयुक्त के माध्यम से इसे उपायुक्त को भेज दिया। अब जिला प्रशासन इस मामले पर सभी विभागों के साथ एक बैठक करने जा रहा है जिसमें सड़कों पर येलो लाइन लगाने को लेकर चर्चा की जाएगी। एक जुलाई को हुए खलीनी बस हादसे के बाद सीएम जयराम ठाकुर ने जिला प्रशासन और नगर निगम को येलो लाइन लगाने के निर्देश दिए थे। लेकिन हादसे के हफ्ते बाद येलो लाइन लगना तो दूर, इसकी फाइल ही तैयार नहीं हो पाई थी।
---
कई दिन टेबल पर पड़ी रही फाइल
नगर निगम ने दो जुलाई को स्पेशल हाउस में येलो लाइन पार्किंग पर फैसला लिया था। तीन जुलाई को इसके मिनट्स की फाइल तैयार कर ली गई। चार जुलाई को सुबह इसे आयुक्त कार्यालय भेजा गया। यहां आयुक्त ने इसे चेक किया और मंजूरी के लिए महापौर कार्यालय भेज दिया। दो तीन दिन से यह फाइल महापौर कार्यालय में पड़ी रही।
---
उपायुक्त को भेज दी है फाइल
शहर में येलो लाइन लगाने को लेकर स्पेशल हाउस में जो फैसले लिए गए हैं, उसके मिनट्स की फाइल पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। उपायुक्त को भी इस बारे में लैटर भेज दिया गया है।
कुसुम सदरेट, नगर निगम महापौर
---
निगम से मिली है रिपोर्ट
येलो लाइन पार्किंग को लेकर नगर निगम से रिपोर्ट मिल गई है। जल्द ही इस मामले पर सभी विभागों के साथ बैठक बुलाई जा रही है। सीएम के आदेशों के तहत लोगों को जल्द पार्किंग की सुविधा दी जाएगी।
अमित कश्यप, उपायुक्त शिमला