अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला में वीकेंड पर ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए डीसी शिमला ने पुलिस विभाग को शहर की ओर आने वाले टूरिस्ट वाहन टूटीकंडी क्रॉसिंग पार्किंग में पार्क करवाने के आदेश दिए हैं। गाड़ी पार्क करने के बाद सैलानियों को शहर तक पहुंचने में दिक्कत न हो इसके लिए पार्किंग परिसर से शहर के लिए नियमित अंतराल पर एचआरटीसी टैक्सी सेवा उपलब्ध करवाने को भी कहा है।
मंगलवार को आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए डीसी अमित कश्यप ने कहा कि एसपी को पर्यटन सीजन के दौरान यातायात पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए हैं। शोघी से लेकर ढली तक सभी प्रमुख मार्गों एवं स्थानों पर यातायात पुलिस कर्मी तैनात करने होंगे। विक्ट्री टनल से टूटीकंडी क्रॉसिंग पार्किंग तक नियमित रूप से पुलिस के राइडर तैनात रहेंगे। उन्होंने सुबह और शाम के समय न्यू शिमला तक भी राइडर तैनात करने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग को शोघी से ढली तक सभी मार्गों पर निर्माण सामग्री तुरंत हटाने के निर्देश दिए हैं। आरटीओ और एचआरटीसी को निर्देश दिए हैं कि सभी निजी एवं सरकारी बसें निर्धारित बस ठहराव पर ही खड़ी हों, ऐसा न करने वाले ड्राइवरों के चालान किए जाएं। बसों के नियमित मेकेनिकल जांच के निर्देश भी दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक ओमापति जमवाल, एडीएम प्रभा राजीव, डीएसपी यातायात कमल वर्मा, एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक देवासेन नेगी, लोक निर्माण तथा परिवहन विभाग एवं नगर निगम के अधिकारी तथा होटल ऐसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
ऑकलैंड टनल जाम, पब्लिक परेशान
शिमला। आकलैंड टनल के पास बुधवार को ट्रैफिक जाम लगने से लक्कड़ बाजार बस स्टैंड से संजौली तक ट्रैफिक जाम हो गया। आईजीएमसी के नीचे प्राइवेट बस और एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बस में टक्कर होने के कारण जाम लग गया। जाम के कारण लोगों को करीब डेढ़ घंटे तक वाहनों में कैद रहना पड़ा। ऑकलैंड टनल पुल से आईजीएमसी की ओर सड़क के दोनों ओर अवैध तरीके से पार्क की गई गाड़ियों के कारण जाम की समस्या पेश आई। शाम के समय सुर्कलर रोड पर विक्ट्री टनल, ओल्ड बस स्टैंड, लिफ्ट से लेकर होटल होली डे होम तक जाम की समस्या पेश आई।