राजधानी शिमला में भी मोदी की आंधी के आगे कांग्रेस के सभी बड़े गढ़ ढह गए। कांग्रेस के किले माने जाने वाले कसुम्पटी और शिमला ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा कांग्रेस से डबल वोट लेने में कामयाब रही। दोनों विस क्षेत्रों में कई सालों से कांग्रेस उम्मीदवार ही जीतते आए हैं। लेकिन इस बार कांग्रेस के दोनों विधायक मोदी की आंधी के आगे नहीं टिक पाए।
दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा उम्मीदवार सुरेश कश्यप ने कांग्रेस प्रत्याशी धनीराम शांडिल से दोगुना वोट हासिल किए। पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के बेटे एवं वर्तमान कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह के शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस को 16643 वोट मिले।
भाजपा को इसके दोगुने यानि 32605 वोट मिले। विधायक अनिरुद्ध सिंह के कसुम्पटी विस क्षेत्र में भी यही हाल रहा। यहां कांग्रेस महज 12807 वोट ले पाई जबकि भाजपा 29072 वोट लेकर अपनी लीड बढ़ाने में सफल रही। पहले राउंड से ही भाजपा ने अपनी बढ़त बनाए रखी। कांग्रेस गढ़ में सेंध से शुरुआती राउंड में ही साफ हो गया था कि भाजपा बड़ी जीत हासिल करेगी।
शिक्षा मंत्री के विस क्षेत्र में भी डबल धमाका
शिमला शहर से पहले ही भाजपा अपनी बढ़त मानकर चल रही थी। स्थानीय विधायक एवं शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज के विस क्षेत्र में भाजपा को 20724 वोट मिले हैं। वहीं, कांग्रेस महज 10640 मतों पर सिमट गई।
राजधानी के तीनों विस क्षेत्रों में प्रदर्शन
1. कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र
प्रत्याशी वोट पड़े
सुरेश कश्यप(भाजपा) 29072
धनीराम शांडिल (कांग्रेस) 12807
2. शिमला ग्रामीण विस क्षेत्र
सुरेश कश्यप (भाजपा) 32605
धनीराम शांडिल (कांग्रेस) 16643
3. शिमला शहर विस क्षेत्र
सुरेश कश्यप(भाजपा) 20724
धनीराम शांडिल (कांग्रेस) 10640