अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर में चलनेे वाली प्राइवेट बसों में अप्रशिक्षित ड्राइवर अब सवारियों की जान से खिलवाड़ नहीं कर सकेंगे। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने शहर के बस ऑपरेटरों को निर्देश जारी कर ड्राइवर और कंडक्टरों के लाइसेंस की फोटो कॉपी बसों के फ्रंट शीशे पर लगाना अनिवार्य कर दिया है। ऐसा न करने पर बसों के चालान किए जाएंगे।
बसों में अप्रशिक्षित ड्राइवरों से ड्यूटी लेने वाले बस आपरेटरों पर परिवहन विभाग शिकंजा कसने जा रहा है। सवारियों से मिस विहेव करने वाले कंडक्टरों पर भी अब सख्ती की जाएगी।
आरटीओ आफिस की ओर से शहर के सभी बस आपरेटरों को निर्देश जारी कर ड्राइवर कंडक्टरों के लाइसेंस की फोटो कापी बसों के फ्रंट शीशे पर लगाने के आदेश दिए हैं। लाइसेंस की फोटो देख कर बस में सफर कर रहे यात्री जान सकेंगे कि बस का स्थायी चालक ही बस चला रहा है या किसी अप्रशिक्षित ड्राइवर को बस का स्टियरिंग थमा दिया गया है। इतना ही नहीं यात्रियों से दुर्व्यवहार करने, टिकट न देने, वर्दी न पहनने और बकाया न चुकाने वाले कंडक्टरों की भी यात्री अब नाम के साथ आरटीओ आफिस में शिकायत कर सकेंगे। ऐसे कंडक्टरों के खिलाफ परिवहन विभाग कड़ी कार्रवाई करेगा। शीशों पर लगने वाली फोटो कापी का साइज इतना बड़ा होना चाहिए जिसे आसानी से देखा और पढ़ा जा सके।
फ्रंट शीशे पर होगी लाइसेंस की फोटो कापी : अत्री
सभी आपरेटरों को बसों के फ्रंट शीशे पर ड्राइवर कंडक्टर के लाइसेंस की फोटो कापी अनिवार्य तौर पर लगानी होगी। निरीक्षण के दौरान जिन बसों में लाइसेंस की कापी लगी नहीं मिलेगी उनके चालान किए जाएंगे। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर यह व्यवस्था की गई है।
- भूपेंद्र कुमार अत्री क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, शिमला
बस के भीतर लिखने होंगे आरटीओ, ऑपरेटर के नंबर
शहर के सभी बस ऑपरेटरों को अपनी बसों के भीतर उनका नंबर और आरटीओ शिमला का नंबर लिखवाना होगा। ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर यात्री तुरंत आरटीओ शिमला और संबंधित बस आपरेटर को शिकायत कर सकें। हालांकि शहर के कुछ आपरेटरों ने अपनी बसों के भीतर अपने नंबर पहले ही लिखवा रखे हैं लेकिन अब अनिवार्य तौर पर सभी आपरेटरों को ऐसा करना होगा। आरटीओ शिमला भूपेंद्र कुमार अत्री ने कहा कि बसों की पासिंग के दौरान विशेष तौर पर इसकी जांच की जाएगी।