हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में पीजी कोर्स के लिए काउंसलिंग और बीएड चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं साथ होने से विद्यार्थी असमंजस में हैं। 25 जून से छह जुलाई तक बीएड चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं, वहीं पीजी के लिए दो जुलाई से काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होगी। परीक्षाओं के बीच में ही काउंसलिंग आ रही है, इससे छात्र परेशान हैं।
एसएफआई की विवि इकाई ने बीएड प्रशिक्षुओं की काउंसलिंग और सेमेस्टर परीक्षा में अपीयर होने को लेकर पेश आ रही समस्या को शनिवार को विवि के कुलसचिव केके शर्मा के समक्ष उठाया।
इकाई अध्यक्ष जीवन ठाकुर और सचिव अनिल नेगी ने कुल सचिव से कहा कि बीएड के चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं आठ जुलाई से शुरू की जाएं, ताकि पीजी कोर्स की काउंसलिंग में बीएड प्रशिक्षु हिस्सा ले सकें।
अनिल ने कहा कि यदि परीक्षा और काउंसलिंग की तिथियों के क्लैश को समाप्त न किया गया तो कई बीएड प्रशिक्षु परेशान होंगे। उन्हें एक ही दिन काउंसलिंग और सेमेस्टर परीक्षा होने पर किसी एक का चुनाव करना होगा।
चूंकि एक ही समय में दोनों जगह उपस्थिति दर्ज करना संभव नहीं होगा। छात्र नेताओं ने कुलसचिव को सौंपे मांग पत्र में बीएड चौथे सेमेस्टर की परीक्षाओं की तिथि बदल कर आठ जुलाई से की जाए। इससे वे पीजी की काउंसलिंग में हिस्सा ले पाएंगे।