हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के हरिपुरधार के पास शुक्रवार दोपहर एक ओवरलोड निजी बस सड़क से 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक समेत 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 52 घायल हुए हैं। शिमला से कुपवी जा रही 37 सीटर बस एचपी-64-6667 में 66 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि सड़क पर पाला जमने से बस स्किड हो गई। हादसे में जीत कोच बस के परखच्चे उड़ गए। छत व टायर अलग हो गए। मृतकों में सभी सिरमौर और शिमला जिले के हैं। सरकार ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं। साल 2008 में खरीदी इस निजी बस की अगले महीने फिटनेस खत्म होनी थी। इसका परमिट 2028 तक का था। पुलिस के अनुसार शुक्रवार दोपहर को जैसे ही धमाके के साथ बस गिरी, उसकी छत टूट गई और उलटा गिर गई। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बस की बॉडी को हाथों से ऊपर उठाया और घायल बाहर निकाले। प्रदेश में इससे पहले भी कई बड़े बस हादसे हुए हैं, जो लोगों को गहरे जख्म दे गए।