शिमला। सनातन धर्म सभा अनाज मंडी की ओर से शनिवार को रक्त परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। गंज बाजार स्थित सभा द्वारा संचालित होम्योपैथिक डिस्पेंसरी में लगे इस शिविर में 125 लोगों ने खून की जांच करवाई। यह शिविर सुबह 8 बजे से शुरू हुआ जिसमें चिकित्सकों की टीम ने लोगों का ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर सहित अन्य आवश्यक जांचें की। इसकी रिपोर्ट रविवार को होम्योपैथिक डिस्पेंसरी में लोगों को दी जाएगी। होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. रमा शर्मा ने कहा कि बदलती जीवनशैली और अनियमित खानपान के कारण लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। सभा के प्रचार मंत्री सुमन पाल दत्ता ने बताया कि यह इस वर्ष सभा द्वारा आयोजित चौथा रक्त परीक्षण शिविर है। प्रोजेक्ट इंचार्ज एवं औषधालय कन्वीनर चेतन शर्मा ने बताया कि औषधालय में सभी रोगियों को निःशुल्क परामर्श और दवाइयां उपलब्ध करवाई जाती हैं। औषधालय रविवार को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 10 से शाम 4 बजे तक खुला रहता है। इस अवसर पर सभा के प्रधान अजय सूद, महासचिव धर्मपाल पुरी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। संवाद