चंबा। चंबा में 23 जुलाई से शुरू होने वाले प्रसिद्ध एवं पारंपरिक मिंजर मेले की सांस्कृतिक संध्याओं में बॉलीवुड स्टार नाइटों के अलावा प्रदेश और जिला की समृद्ध लोक- संस्कृति की छटा देखने को मिलेगी। मिंजर मेला सांस्कृतिक उप समिति की शनिवार को हुई बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं संयोजक सांस्कृतिक उप समिति बलबीर ठाकुर ने की। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक उपसमिति के सभी सदस्यों के सुझावों के अनुरूप उप समिति ने यह निर्णय लिया है कि मिंजर मेले की पहली और अंतिम सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड के पार्श्व गायकों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सदस्यों की राय के बाद बॉलीवुड पार्श्व गायकों के अलावा पंजाबी और अन्य गायकों की एक सूची बनाई गई है। इसके तहत बॉलीवुड कलाकारों में राहत फतेह अली खान, कुमार सानू, कनिका कपूर, अंकित तिवारी, पंजाबी गायकों में दलजीत दोसांज, अमरिंद्र गिल, गिप्पी ग्रेवाल, शेरी मान, जस्सी गिल और हिमाचली कलाकारों में कार्तिक कुमार, करनैल राणा, कृतिका तनवर, सुनील शर्मा, पूनम शर्मा के नामों पर चर्चा की गई। इन्हीं नामों में से कलाकारों का चयन किया जा सकता है। फिलहाल उप समिति ने इन नामों पर अभी अंतिम मोहर नहीं लगाई है। बीते दिनों मिंजर मेले को लेकर आयोजित बैठक में सांस्कृतिक संध्याओं के बजट को लेकर गंभीरता से चर्चा की गई थी।
23 से 30 जुलाई के बीच होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक उपसमिति ने यह भी फैसला लिया कि इस बार दो सांस्कृतिक संध्याएं हिमाचल जबकि एक सांस्कृतिक संध्या चंबा के कलाकारों पर ही केंद्रित रहेगी। सांस्कृतिक उपसमिति की पूरी कोशिश रहेगी कि समाज के सभी वर्गों की पसंद को ध्यान में रखा जाए। सांस्कृतिक संध्याओं के दौरान विभिन्न राज्यों के लोकनृत्य दलों के अलावा पंजाबी, रियलिटी शो स्टार, कव्वाल और सूफी गायकों को शामिल करने के भी प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में सांस्कृतिक उपसमिति के सरकारी सदस्यों के तौर पर जिला लोक संपर्क अधिकारी और जिला भाषा अधिकारी के अलावा समिति के गैर सरकारी सदस्य जगदीश हांडा, विनोद कुमार, हामिद खान, विकास ठाकुर, हेम सिंह ठाकुर, केएस प्रेमी और दिनेश महाजन आदि भी मौजूद रहे।