जवाली (कांगड़ा)। थाना क्षेत्र जवाली के तहत नगर पंचायत के वार्ड छह के एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि उसने बीमारी से तंग आकर रेलवे पुल से छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जवाली के वार्ड छह के वीर सिंह (56) पुत्र पुन्नु राम का जवाली की देहर खड्ड में शव मिला। वह करीब दो-तीन माह से बीमार चल रहा था। पुलिस को उसके बेटे अजय कुमार ने बताया कि उसके पिता बुधवार सुबह करीब 3-4 बजे उठ कर बाहर की ओर गए थे। करीब सात बजे तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। इस बीच उन्हें पता लगा कि देहर खड्ड में कोई शव पड़ा है। इसकी सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और मृतक की शिनाख्त की। रेलवे पुलिस कांगड़ा के थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।