शिमला। 68वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप के लिए इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर शिमला में 10 मीटर एयर राइफल के ट्रायल के दूसरे दिन शनिवार को 12 प्रतिभागियों का चयन हुआ। यह प्रतिभागी रविवार को होने वाले चैंपियन ऑफ द चैंपियन मुकाबले में भाग लेंगे। इसमें लड़कियों की छह और लड़कों की टीम भी छह प्रतिभागी चयनित हुए हैं। लड़कियों की टीम में मंजु कुमारी, कामिनी, किरण रावत, अपर्णा चंदेल, आंचल राणा और काव्यांजलि कंवर का चयन हुआ है। लड़कों की टीम में रक्षित भादवाल, यश ठाकुर, राजवंश सिंह चौहान, अंगद चौहान, हरितविक जिष्टू और चिराग देहल का चयन हुआ है। रविवार को आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त करने वालों को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। 68वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप का पिस्टल इवेंट 11 दिसंबर से 4 जनवरी तक दिल्ली में होगा। भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ के तत्वावधान में आयोजित की जा रही इस चैंपियनशिप के लिए प्रदेशभर से 229 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इसमें शॉटगन इवेंट और राइफल इवेंट भी शामिल है।