पहले आटे की आपूर्ति में हो रही थी कटौती
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शहर के राशन डिपुओं में मई महीने में लोगों को 12 किलो आटा और 6 किलो चावल मिलेंगे। राशन के कोटे में बदलाव न होने से शहर के हजारों लोगों को इसका सीधा लाभ मिला है। हालांकि पिछले कई महीनों में आटे के कोटे में बार-बार बदलाव हो रहा था लेकिन अब कोटे में स्थिरता होने के बाद महंगाई के दौर में हजारों लोगों को राहत मिली है।
राजधानी में पचास के करीब राशन डिपो हैं। मई का राशन कोटा डिपुओं में आना शुरू हो गया है। वहीं शनिवार दोपहर बाद लोगों की भीड़ डिपुओं में उमड़ना शुरू हो गई है। हालांकि शाम तक सैकड़ों लोगों ने शहर के विभिन्न डिपुओं से राशन की खरीदारी की है। आटा के कोटे में कई बार प्रति राशनकार्ड एक किलो की कटौती हो रही थी। राशन कोटा कम मिलने के कारण लोगों को बाजारों से महंगी दरों पर खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा था। इस वजह से लोगों को परेशानी हो रही थी। इसके अलावा मलका 71 रुपये, चना दाल 73 रुपये और माश की दाल लोगों को 83 रुपये प्रतिकिलो की दर से उपलब्ध करवाई जा रही है। जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नरेंद्र धीमान ने बताया कि डिपुओं में पर्याप्त मात्रा में राशन उपलब्ध है। लोगों को किसी तरह की परेशानी पेश नहीं आने दी जा रही है। संवाद