हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
सेब मंडियों में नियमों के उल्लंघन पर हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कृषि उपज मंडी समितियों (एपीएमसी) शिमला एवं किन्नौर और सोलन ने अपनी-अपनी सेब मंडियों में प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। अभियान के दौरान अब तक 12 कमीशन एजेंटों (आढ़तियों) के चालान किए गए हैं। वहीं, एपीएमसी शिमला एवं किन्नौर की ओर से पांच कमीशन एजेंटों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। मंडियों में नियमों के अनुपालन बनाएं रखने के लिए संबंधित एपीएमसी की टीमें निरीक्षण कर रही हैं। अधिकारियों की ओर से मंडी परिसर में होने वाली गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।
राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने किसानों से भी मंडी नियमों का पालन करने की अपील की है। प्रबंध निदेशक राम कुमार गौतम ने कहा कि बोर्ड ने कहा है कि किसान अपनी सेब की उपज यूनिवर्सल कार्टन में ही मंडियों में लेकर आएं। इसके साथ ही सेब की ग्रेडिंग निर्धारित विनिर्देशों के अनुरूप करने को कहा गया है। इससे मंडियों में सेब की खरीद-बिक्री की प्रक्रिया को तय नियमों के अनुसार संचालित करने में मदद मिलेगी। मंडी परिसरों में किसी भी प्रकार की अनियमितता व नियमों के उल्लंघन की स्थिति में इसकी शिकायत की जा सकती है। किसान व्हाट्सऐप नंबर 9459172727 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। बोर्ड के अनुसार शिकायत मिलने पर संबंधित मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।