फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर में पेयजल गुणवत्ता पर उठे सवाल, आधा दर्जन टैंकों के सैंपल फिर फेल

Thu, 18 Apr 2019 11:50 AM IST
शिमला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विज्ञापन

शहर में कई स्टोरेज टैंकों से लिए पानी के सैंपल फिर फेल हो गए हैं। इनमें मिडल बाजार स्थित शिवमंदिर के पास लगे सार्वजनिक नलके के पानी के सैंपल दूसरी बार फेल निकले हैं। आईजीएमसी की ताजा रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। मंदिर के पास लगे इस नलके से 11 अप्रैल को सैंपल भरे गए थे। इस दौरान शहर में नवरात्र के चलते मंदिरों में श्रद्धालुओं की भी काफी भीड़ रही।

विज्ञापन


मालरोड के पास होने से आए दिन हजारों लोग मंदिर पहुंचते हैं। लोग मंदिर के बाहर लगे इस सार्वजनिक नलके का पानी भी पीते हैं। अब जो रिपोर्ट आई है उसके अनुसार इसका पानी पीने योग्य नहीं है। पहले भी इस नल के सैंपल फेल हो चुके हैं। हालांकि कंपनी का दावा है कि 15 अप्रैल को दूसरी बार जो सैंपल भरे थे, उसकी रिपोर्ट सही आई है।

इनके अलावा 11 अप्रैल को भीमाकाली और चक्कर स्थित टैंक से लिए गए पेयजल सैंपल भी सही नहीं आए हैं। यूटीआई गोयल भवन से लिए सैंपल भी फेल पाए गए हैं। संजौली और कसुम्पटी रिजोरवायर समेत फिंगास्क टैंक से लिए गए पानी के सैंपल की रिपोर्ट भी सही नहीं आई है।
विज्ञापन


वहीं सैंपल फेल होने के मामले में महापौर कुसुम सदरेट ने बुधवार को पेयजल कंपनी के एमडी धर्मेंद्र गिल, एजीएम विजय गुप्ता से बैठक कर रिपोर्ट ली। इस दौरान आयुक्त पंकज राय भी मौजूद रहे। मेयर ने पूछा कि आखिर बार बार सैंपल क्यों फेल हो रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि टैंकों का पानी साफ है और आईजीएमसी की टीम ही गलत रिपोर्ट दे रही है। इस पर मेयर ने मामले को आईजीएमसी प्रशासन के समक्ष उठाने को कहा। महापौर ने शहरवासियों से भी अपील की है कि पानी उबालने के बाद ही पीने के लिए इस्तेमाल करें। कहा कि मौसम में बदलाव के चलते सावधानी बरतने की जरूरत है।

इस बार नहीं रहेगा पानी का संकट : महापौर
शिमला। नगर निगम महापौर कुसुम सदरेट ने बुधवार को पेयजल कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें गर्मी के मौसम में पानी की सप्लाई को लेकर चर्चा की गई। मेयर ने निर्देश दिए कि परियोजनाओं में जलस्तर और पंपिंग की रोजाना रिपोर्ट नगर निगम को दी जाए ताकि आगामी तैयारियां की जा सकें।

साथ ही कंपनी को पानी की कमी होने की स्थिति में पहले ही टैंकरों की पुख्ता व्यवस्था करने को कहा। अधिकारियों ने अप्रैल में हो रही पंपिंग की रिपोर्ट महापौर को दी। महापौर ने कहा कि पंपिंग का स्तर बनाए रखे ताकि इस बार लोगों को गर्मियों में पानी की कोई कमी न आए। इस मौके पर पेयजल कंपनी के प्रबंध निदेशक धर्मेंद्र गिल, एजीएम विजय गुप्ता, गोपाल शर्मा भी मौजूद रहे।

लोनिवि कर्मचारियों को बताया बिलिंग सिस्टम
शिमला। पेयजल कंपनी ने बुधवार को निगम विहार स्थित लोक निर्माण विभाग के कार्यालय में कर्मचारियों को नई बिलिंग व्यवस्था की जानकारी दी। कंपनी की ओर से एजीएम विजय गुप्ता, गोपाल शर्मा और कम्युनिकेशन एक्सपर्ट साहिल शर्मा ने बताया कि यदि नए मीटरों को लेकर उपभोक्ताओं को कोई भी शिकायत आ रही है तो इसकी सूचना कंपनी को दें। कंपनी इन्हें ठीक करेगी। कर्मचारियों को कम खपत कर बिल कम करने, नए कनेक्शन लगाने, कंपनी की आनलाइन सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें