शिमला। वोटरों को मतदान के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला प्रशासन की ओर से रिज मैदान पर साइकिल रैली निकाली गई। उपायुक्त रोहन चंद ठाकुर ने रैली की अगुवाई की। डीसी ने बताया कि रिज मैदान से शुरू होकर रैली एडवांस स्टडी होते हुए वापस रिज पर खत्म हुई। रैली के जरिए पर्यावरण सुरक्षा के साथ-साथ जिले के सभी मतदाताओं को मतदान में भाग लेने और एक जनवरी 2017 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा मतदाताओं को अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने का संदेश दिया गया।
उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे गो ब्लू और बालतंत्र अभियान का मकसद साइकिल रैली के माध्यम से बच्चों को अपने माता-पिता, बड़ों और बुजुर्गों को मतदान के दिन मतदान केंद्र पर लाकर वोट देने के लिए जागरूकता प्रदान करना भी है। उन्होंने कहा कि जिले में मत प्रतिशतता बढ़े, यह संदेश भी रैली के माध्यम से देने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि रैली में 25 विदेशी पर्यटकों ने भी भाग लिया। रैली में अतिरिक्त उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था हेमिस नेगी, सहायक आयुक्त ज्योति राणा, रिटर्निंग अधिकारी शिमला ग्रामीण अजीत भारद्वाज के अतिरिक्त हिमालयन ऐडवेंचर स्पोर्ट्स एंड टूरिज्म प्रमोशन एसोसिएशन के सदस्यों ने भाग लिया।