अमर उजाला ब्यूरो
बैजनाथ (कांगड़ा)। छोटा भंगाल में सरकारी कॉलेज खुलने से घाटी के लोगों के लिए शिक्षा क्षेत्र में नया अध्याय शुुुरू हुआ है। पहली जुलाई से छोटा भंगाल के मुल्थान में कॉलेज की विधिवत शुुरुआत हो जाएगी। सरकार ने कॉलेज में प्रारंभ में आर्ट्स और कॉमर्स संकाय शुरू करने के निर्देश दिए हैं। बैजनाथ कॉलेज के प्रिंसिपल सुनील मेहता को मुल्थान कॉलेज का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। छोटा भंगाल में कॉलेज खुलने से कांगड़ा जिला के छोटा भंगाल की सात पंचायतों के साथ मंडी जिला के द्रंग विस क्षेत्र के तहत आने वाली चौहार घाटी व जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र की कुछ एक पंचायतों के बच्चों को नजदीक में उच्च शिक्षा की सुविधा मिलेगी। वर्तमान में मंडी के बरोट, झटींगरी, थलटूकोट, सुधार तथा कांगड़ा के मुल्थान, लोहारड़ी और बड़ाग्रां में रावमा स्कूल चल रहे हैं और निजी स्कूल की गैर मौजूदगी के कारण इन स्कूलों में निचले क्षेत्र के स्कूलों के मुकाबले में छात्रों की संख्या संतोषजनक है। ऐसे में मुल्थान के सरकारी कॉलेज में छात्रों की संख्या का आंकड़ा संतोषजनक रहने की उम्मीद है।
कल से आरंभ होगी प्रवेश प्रक्रिया
मुल्थान डिग्री कॉलेज में 16 जून से प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। प्रिंसिपल सुनील मेहता ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया 26 जून तक चलेगी। 27 जून को मेरिट सूची घोषित होगी। 28 से 30 जून तक छात्र फीस जमा करवा सकेंगे। एक जुलाई से कॉलेज में पहला सत्र शुरू हो जाएगा। प्रवेश के लिए प्रोस्पेक्ट्स रावमा स्कूल से प्राप्त किए जा सकेंगे।