शिमला। भाजपा ने अपने दावेदारों को दरकिनार कर कांग्रेस से आई मीरा शर्मा को सांगटी से पार्षद पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया। मीरा शुक्रवार शाम शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज और मंडल नेताओं की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गईं। टिकट तय होने के साथ ही मीरा शनिवार सुबह साढ़े 11 बजे भाजपा की ओर से अपना नामांकन भरेंगी। हालांकि, मीरा को टिकट देने को लेकर पार्टी नेताओं को अपने कार्यकर्ताओं का भी विरोध झेलना पड़ा। टिकट तय करने को लेकर शुक्रवार को भी पार्टी नेताओं और विधायकों की दिन भर बैठकें चलती रहीं।
मीरा समेत पार्टी से पार्षद पद की दावेदार रहीं महिला कार्यकर्ताओं को भी बैठक के लिए बुलाया गया। भट्ठाकुफर स्थित मंडल कार्यालय में देर शाम करीब साढ़े पांच बजे मीरा ने भाजपा ज्वाइन की और टिकट भी मिल गया। इस मौके पर मंडल के पूर्व अध्यक्ष प्रेम ठाकुर, उप महापौर राकेश शर्मा भी मौजूद रहे। सांगटी से निधि ठाकुर, निशा वर्मा, अमृता समेत चार दावेदार भाजपा से टिकट की दौड़ में थी। लेकिन मीरा को मजबूत प्रत्याशी मानते हुए पार्टी ने इन दावेदारों को दरकिनार कर दिया।
मीरा को टिकट देने से भाजपा में बगावत के सुर
बताया जा रहा है कि भाजपा के मीरा को टिकट देने के फैसले से कई दावेदार और कार्यकर्ता नाराज हो गए हैं। इनमें से कुछेक ने बतौर चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी कर ली थी। अब अचानक टिकट कटने से ये नाराज हो गए हैं। हालांकि, पार्टी ने इनके सामने ही टिकट मीरा को दिया है। कुछेक पार्टी नेता भी नाराज हैं। इनका कहना है कि चंद घंटे पहले भाजपा में शामिल हुई मीरा को आखिर कैसे टिकट दिया जा सकता है। अब शनिवार को पता चलेगा कि आखिर कौन कौन मैदान में उतरता है।
भाजपा होगी मीरा की तीसरी पार्टी
मीरा दो बार वार्ड से चुनाव जीत चुकी हैं। सबसे पहले 2007 में मीरा ने माकपा की ओर से चुनाव जीता था। लेकिन बीच में वह कांग्रेस में शामिल हो गई थी। 2012 में कांग्रेस टिकट पर चुनाव लड़ा लेकिन हार गईं। 2017 में मीरा ने कांग्रेस के टिकट पर ही जीत हासिल की थी। अब वह भाजपा से चुनाव लड़ेंगी।
आज तय होगा कांग्रेस उम्मीदवार
कांग्रेस अभी तक वार्ड से किसी प्रत्याशी को अपना उम्मीदवार घोषित नहीं कर पाई है। सूत्रों के अनुसार पार्टी भाजपा के उम्मीदवार पर भी नजरें टिकाए बैठी थी। लेकिन अब शनिवार को पार्टी को अपना उम्मीदवार हर हाल में घोषित करना पड़ेगा। अब तक मीरा शर्मा इस वार्ड से कांग्रेस की उम्मीदवार थी। पिछला चुनाव भी मीरा ने कांग्रेस से ही जीता था। कसुम्पटी विधायक अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि शनिवार को पार्टी अपना उम्मीदवार तय करेगी।
मैंने भाजपा ज्वाइन कर ली है। पार्टी ने मुझ पर इस सीट के लिए भरोसा जताया है। प्रयास रहेगा कि पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतर सकूं। शनिवार को मैं नामांकन भरुंगी।
- मीरा शर्मा, पूर्व पार्षद