फागली में हिमाचल का पहला साउंड, फायर और वाटरप्रूफ सामुदायिक भवन बनकर तैयार हो गया है। भवन को केंद्रीय सरकार के कर्मचारियों के लिए सामुदायिक केंद्र की तरह प्रयोग में लाया जाएगा। बुधवार को केंद्रीय लोक निर्माण के महानिदेशक बलराज चड्ढा ने फागली क्लब (सैल्यूूटिंग भवन) का लोकार्पण किया। इस अवसर पर अपर महानिदेशक एसके रॉय, मुख्य अभियंता केसी सिंह, मुख्य वास्तुकार आरके धीमान, अधीक्षण अभियंता देवेंद्र प्रकाश, नीरज बंसल, अधीक्षण अभियंता प्रमोद कुमार, पूर्णेश कुमार और कार्यपालक अभियंता संजय जैन उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि केंद्रीय लोक निर्माण विभाग ने पौने सात करोड़ की लागत से इस भवन का निर्माण किया है। दो मंजिला इस भवन में खिलाड़ियों के लिए टेबल टेनिस हॉल के साथ व्यायाम करने के लिए जिम और वीआईपी कमरे बनाए गए हैं। इसमें 400 वर्ग मीटर का हॉल और नवीनतम प्रणाली के शीशे और छत में चादरों का प्रयोग किया गया है। भवन के फर्श में ग्राउंड फ्लोर से टॉप फ्लोर तक ग्रेनाइट का इस्तेमाल किया गया है। भवन पूरी तरह से हीटिंग सिस्टम से लैस है। भवन की दीवारों में एक्सपीएस बोर्ड का इस्तेमाल किया गया है, जो हर तरह से वाटर और फायर प्रूफ है। भवन में स्टेनलेस स्टील के साथ शीशे का प्रयोग किया गया है।
आग लगने पर भवन पूरी तरह होगा सुरक्षित
आग लगने पर भी भवन पूरी तरह से सुरक्षित होगा। रिसाइकिल मैटीरियल से तैयार फायर प्रूफ निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। स्प्रिंकलर फिट किए गए हैं जो आग लगने पर पानी की बौछार करेंगे। भवन में फायर अलार्म और लाइटनिंग कंडक्टर भी लगाए गए हैं, जिससे आग लगने पर तुरंत सायरन बजेगा। एक लाख लीटर की क्षमता वाला पानी का टैंक बनाया गया है।
जीआरसी स्क्रीन से भवन में लगेंगे चार चांद
भवन की सुंदरता बढ़ाने के लिए भवन के बाहर दीवारों में जीआरसी स्क्रीन, जबकि भवन के भीतर नौ किस्मों की स्क्रीन प्रिंटिड डिजिटल टाइल फ्रेम लगाई गई है। भीतर और बाहर एलइडी लाइटों का इस्तेमाल किया गया है।