शहर में पहली जुलाई से सफाई व्यवस्था पटरी पर लाने का दावा किया जा रहा है। पांच वार्डों में कूड़ा उठाने का काम आउटसोर्स होने के साथ ही बाकी 29 वार्डों में भी हालात सुधरने की उम्मीद है। नगर निगम के अनुसार टुटू, मज्याठ, बालूगंज, कच्चीघाटी और टूटीकंडी वार्ड जुलाई से ही घरों से कूड़ा उठाने का काम मंडी की फर्म संभाल लेगी। इस कंपनी को काम आउटसोर्स करने की प्रक्रिया अब अंतिम चरणों में है।
इन पांच वार्डों में अब इसी कंपनी के कर्मचारी घरों से कूड़ा उठाएंगे। इसके अलावा भरयाल संयंत्र तक भी ठेकेदार खुद कूड़ा पहुंचाएगा। वहीं, इन वार्डों में सैहब के 30 से अधिक कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं, उन्हें नगर निगम के बाकी 29 वार्डों में शिफ्ट कर दिया जाएगा। इन सैहबकर्मियों की तैनाती उन इलाकों में की जाएगीा, जहां से करीब 30 कर्मचारी काम छोड़कर चले गए हैं। कनलोग, समरहिल, सांगटी, भट्ठाकुफर, विकासनगर आदि वार्डों को इसका फायदा होगा।
बढ़ेंगी गाड़ियां, समय पर उठेगा कूड़ा
इन पांच वार्डों में तैनात निगम की गाड़ियां भी अब दूसरे वार्डों में शिफ्ट हो सकेंगी। इसके अलावा निगम प्रशासन को चार नए टिप्पर भी मिलने वाले हैं। गाड़ियों की संख्या बढ़ने से वार्डों में समय से कूड़ा उठ सकेगा।