चंबा के दो पूर्व पोस्टमास्टरों पर सीबीआई का शिकंजा
सीबीआई ने जिला चंबा के दो पूर्व पोस्टमास्टरों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। सीबीआई की टीम ने डाकघरों से रिकॉर्ड कब्जे में ले लिया है। मामले में तह तक जाने के लिए रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है। अब तक की जांच में सामने आया है कि एक आरोपी ने 69 बुजुर्ग, विधवा व दिव्यांग पेंशन भोगियों के खातों से 3 लाख से अधिक की राशि का गबन नवंबर-दिसम्बर 2022 की अवधि में किया, जबकि दूसरे आरोपी ने 30 बचत खातों, 125 आरडी, 3 एफडी, 61 सुकन्या समृद्धि योजना, 1 महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र, 1 ग्रामीण डाक जीवन बीमा खाते से 32 लाख से अधिक की राशि डकार ली। विभागीय जांच के बाद इन दोनों को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। डाकघर शाखा बाट में कार्यरत रहे एक पोस्टमास्टर पर आरोप है कि वह खाताधारक और गवाहों के हस्ताक्षर व अंगूठे का निशान अतिरिक्त निकासी फार्म (एसबी-7) में कर लेता था और कुछ की पासबुक को अपने पास रख लेता था। ऐसे में खाताधारक के खाते में जब भी पेंशन की किस्त जमा होती थी, तो वह उसके पहले से हस्ताक्षरित करके नकदी निकाल लेता था और उसके पास पड़ी पासबुक में प्रविष्टियां कर देता था। जब पेंशनरों को पेंशन नहीं मिली तो जांच में गबन का खुलासा हुआ। इसके साथ ही मसरूंड डाकघर शाखा में सेवारत ग्रामीण डाक सेवक एवं पूर्व पोस्टमास्टर पर 12 नवंबर 2021 से 10 जुलाई 2023 तक सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप है।