संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। राजधानी में पुलिस के विशेष सेल ने सोलन से शिमला आ रही बस में सवार एक युवक से 10 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रोहित (31) जिला किन्नौर का रहने वाला है।
पुलिस ने बालूगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार वीरवार रात विशेष सेल की टीम शोघी में गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रोहित बस में चिट्टा लेकर शिमला की ओर आ रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी की और सोलन की तरफ से शिमला आने वाली बसों की जांच शुरू की। कुछ समय बाद पुलिस टीम ने एक बस को रोककर यात्रियों और सामान की जांच की। इस दौरान रोहित के बैग की तलाशी ली गई। बैग के अंदर एक पारदर्शी प्लास्टिक पाउच बरामद हुआ। पाउच के भीतर हल्के भूरे रंग के पदार्थ की दो डलियां थीं। पुलिस ने पदार्थ की जांच की तो यह चिट्टा पाया गया। इसका वजन 10 ग्राम निकला। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि उसके पास बरामद चिट्टा कहां से आया था और इसे शिमला में किसे पहुंचाया जाना था। पुलिस इस मामले में नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। मामले की जांच जारी है।