राजधानी शिमला के शहर डिपो को मिली थी 25 बसें, अब सिर्फ 15 का होगा संचालन
विज्ञापन
लोगों को अब फिर झेलनी पड़ सकती हैं दिक्कतें
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला के शहरी डिपो से एचआरटीसी ने 10 इलेक्ट्रिक बसों को देहरा डिपो के लिए स्थानांतरित करने के आदेश जारी किए हैं। शिमला डिपो को 25 नई ईलेक्टि्रक बसें मिली हैं।
एचआरटीसी मुख्यालय के निर्देशों के बाद मंडलीय प्रबंधक (टेक्निकल) की ओर से शनिवार को यह आदेश जारी किए गए। अगले दो से तीन दिन में इन बसों को देहरा के लिए भेज दिया जाएगा। इसके बाद परिवहन निगम के शिमला शहरी डिपो में सिर्फ 15 इलेक्ट्रिक बसें ही शेष रह जाएंगी। डिपो को इसके बदले डीजल या छोटी इलेक्ट्रिक बसें कब तक मिलेंगी, इसे लेकर फिलहाल कोई समय सीमा तय नहीं है। शिमला लोकल डिपो की ओर से लगातार छोटे रूटों के लिए डीजल की छोटी बसों की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक यह मांग पूरी नहीं हुई है। नई इलेक्ट्रिक बसों के शिमला शहरी डिपो में आने के बाद बसों का संकट कुछ कम हुआ था। इससे शहरवासियों को बेहतर परिवहन सेवाएं मिलने की उम्मीद जगी थी। अब सरकार के निर्देशों पर शिमला डिपो की 10 इलेक्ट्रिक बसों को देहरा डिपो में भेजने के आदेश दिए गए हैं। इन बसों के पंजीकरण, पासिंग और नंबर लेने सहित ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया शिमला लोकल डिपो की ओर से ही करवाई गई थी। शिमला शहरी डिपो में 10 बसों के स्थानांतरण के बाद अब सिर्फ 15 इलेक्ट्रिक बसें ही बचेंगी। ऐसे में छोटे रूटों पर परिवहन व्यवस्था को लेकर डिपो की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।