शिमला। लोक निर्माण विभाग ने सर्कुलर रोड से बार-बार उखड़ रही टारिंग के लिए नगर निगम को जिम्मेवार ठहराया है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जगह-जगह पानी की लीकेज और रिसाव कर रही पेयजल लाइन और ड्रेन लाइन के ओवर फ्लो होने से सड़क उखड़ रही है।
सर्कुलर रोड पर ऐसे कई स्थान हैं, जहां सड़कें उखड़ गई हैं। विभाग का कहना है कि इन चिह्नित स्थानों पर लीकेज और रिसाव को दुरुस्त कर दिया जाए तो सड़कें लंबे समय तक सुरक्षित रहेंगी। सड़क पर लगातार पानी बहने से नुकसान पहुंचता है और उसके ऊपर से गाड़ियों के गुजरने से सड़क ज्यादा क्षतिग्रस्त होती है। सड़क में टारिंग उखड़ जाती है और जगह-जगह गड्ढे बन जाते हैं। शहर की सड़कों की हालत पहले ही दयनीय है। लोनिवि की ओर से पैच लगाकर सड़क के गड्ढे तो भरे जा रहे हैं पर एमसी की पाइपों की लीकेज और रिसाव सही न होने से स्थिति में सुधार नहीं हो पा रहा है।
बाक्स
कई अन्य स्थानों पर भी है ऐसी स्थिति
एमसी की पाइप की लीकेज शहर की कई जगहों पर हो रही है, लेकिन अगर कोई शिकायत न करे तो एमसी के कर्मचारी लीकेज और रिसाव को ठीक करने की जहमत भी नहीं उठाते। अगर कहीं पाइप ठीक करने के लिए सड़क खोदी जाती है तो लीकेज ठीक करने के बाद खोदी गई सड़क पर लीपापोती कर औपचारिकता निभा दी जाती है। ऐसे हालात में तो लगता है कि शहर की सड़कें कभी भी पूरी तरह से चकाचक नहीं हो पाएंगी।
पाइपों की लीकेज बड़ा कारण : अयूब
लोनिवि के अधिशासी अभियंता अयूब चौधरी का कहना है कि एमसी की पाइपों की लीकेज और रिसाव सर्कुलर सड़क के क्षतिग्रस्त होने का बड़ा कारण है। पानी लगातार बहने से कई जगह सड़क की टारिंग उखड़ जाती है।