शिमला। नवंबर माह में शिमला के लोगों को नीले रंग की मिडी बसों का तोहफा मिलेगा। जेएनएनयूआरएम -2 में शिमला-सोलन कलस्टर को अगले महीने 90 मिडी बसें मिलेंगी। इनमें से 65 बसें राजधानी शिमला में चलेंगी। 25 बसें सोलन के लिए होंगी। हादसों पर अंकुश लगाने के लिए इन बसों को पैसेंजर सेफ्टी सिस्टम से लैस किया गया है। बसों की डिलीवरी लेने से पहले फाइनल इंस्पेक्शन के लिए एचआरटीसी के प्रतिनिधियों की टीम लखनऊ रवाना होने वाली है।
नवंबर माह से शहर में चलने वाली नई बसों का रंग नीला होगा। आरामदायक सफर के लिए बसों को लो फ्लोर डिजाइन किया गया है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण बसों की ग्राउंड क्लीयरेंस पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। बसों के लिए 90 फीसदी बजट केंद्र सरकार और 10 फीसदी बजट प्रदेश सरकार की ओर से दिया गया है। नई बसों के लिए एचआरटीसी वर्कशापों का भी आधुनिकीकरण हो रहा है। बसों के निर्बाध संचालन के लिए आईटीएस टर्मिनल और कंट्रोल सेंटर भी स्थापित किया जा रहा है।
---
नवंबर के दूसरे हफ्ते में पहुंचेंगी बसें : गुप्ता
नवंबर माह के दूसरे हफ्ते में नई बसें पहुंचनी शुरू हो जाएंगी। सुरक्षा के लिहाज से बसें पैसेंजर सेफ्टी सिस्टम से लैस हैं। पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से बसों का संचालन होगा।
- एचके गुप्ता, महाप्रबंधक
शहरी परिवहन, बस अड्डा प्रबंधन एवं विकास प्राधिकरण