शिमला। प्रदेश विश्वविद्यालय के सोमवार को घोषित बीए द्वितीय वर्ष के परीक्षा परिणाम में कंपार्टमेंट वाले छात्रों को दस सितंबर तक कंपार्टमेंट के फार्म भरकर विवि में जमा करवाने होंगे। छात्र अंक तालिका का इंतजार किए बिना विवि की वेबसाइट www.hpuniv.in पर उपलब्ध परीक्षा परिणाम से अंक तालिका की प्रति डाउनलोड कर लें। इसे परीक्षा फार्म के साथ संलग्न कर जमा करवाएं। विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्यामलाल कौशल ने कहा कि छात्र अनुपूरक परीक्षा का फार्म भरकर इसके साथ वेबसाइट से डाउनलोड की गई अंक तालिका की प्रति को संलग्न कर जमा करवाएं। 25 सितंबर से शुरू होने वाली ईयर सिस्टम के तहत बीए द्वितीय वर्ष की अनुपूरक परीक्षा के लिए रोलनंबर और सेंटर इसी आधार पर जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि छात्र दस दिन के भीतर इसकी प्रक्रिया को पूरा करें। करीब छह माह बाद घोषित हुए इस परीक्षा परिणाम की अंक तालिका को लेने में छात्र समय बर्बाद न करें और अनुपूरक परीक्षा का परीक्षा फार्म समय रहते भरें।
---
दो कक्षाओं का परीक्षा परिणाम घोषित
शिमला। प्रदेश विश्वविद्यालय ने पुराने ईयर पास कोर्स सिस्टम के तहत ली गई बीएससी ऑनर्स बायो टेक्नालॉजी और बीएससी ऑनर्स माइक्रो बायोलॉजी प्रथम वर्ष का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। मंगलवार को घोषित किए गए परीक्षा परिणाम में बीएससी बायोटेक का परिणाम 69.89 फीसदी, जबकि बीएससी माइक्रो बायोलॉजी प्रथम वर्ष का परीक्षा परिणाम 95.89 फीसदी रहा। इसकी पुष्टि विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्यामलाल कौशल ने की। उन्होंने कहा कि परिणाम विवि की वेबसाइट www.hpuniv.in पर उपलब्ध करवाया जा रहा है।