शिमला। हिमाचल पथ परिवहन निगम की वोल्वो बसों में यात्रियों को दिए जाने वाले बोतल बंद पानी में कचरा आने की शिकायत के बाद एचआरटीसी ने एचपीएमसी को नोटिस दिया। एचपीएमसी ही परिवहन निगम की बसों में कंपनी हायर कर पानी की सप्लाई करता है। एचपीएमसी दावा कर रही है कि पानी सप्लाई करने वाली कंपनी को बदला जाएगा। मिनरल वाटरों की आपूर्ति करने का ठेका किसी नई कंपनी को दिया जाएगा।
बीते दिनों सीलबंद पानी की बोतलों में कचरा होने का मामला उठाया था। पानी दूषित होने के कारण यात्री इसे पीने से गुरेज कर रहे थे। शिकायत के बाद एचआरटीसी ने निगम को पानी की सप्लाई कर रही एजेंसी को नोटिस जारी किया है। बताते चलें कि एचआरटीसी की लग्जरी बसों में सामान्य बसों के मुकाबले लगभग दोगुना किराया वसूला जा रहा है। वोल्वो के किराये में ही पानी की बोतल के पैसे भी वसूले जाते हैं। एचआरटीसी की सामान्य बसों में 1.45 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से किराया लिया जा रहा है जबकि वोल्वो का किराया 3 रुपये प्रति किलोमीटर है।
एचपीएमसी को दिया है नोटिस : कैप्टन कपूर
वोल्वो बसों में यात्रियों को दिए जाने वाले बोतल बंद पानी में कचरा मिलने की शिकायत मिली थी। एचपीएमसी को नोटिस जारी कर व्यवस्था सुधारने के लिए कहा गया है।
- कैप्टन दिनेश कपूर, डीडीएम, एचआरटीसी
- बदली जाएगी आपूर्ति देने वाली कंपनी : शर्मा
जिस कंपनी से एचआरटीसी को पानी की सप्लाई दी जा रही थी उसे बदला जा रहा है। अब निगम को नई कंपनी से पानी की सप्लाई दी जाएगी।
- जेसी शर्मा, प्रबंध निदेशक, एचपीएमसी