शिमला। जुलाई-अगस्त में जल संकट के लिए तैयार रहिए। बरसात ने दस्तक दे दी है। गाद से निपटने के लिए आईपीएच महकमा कोई योजना नहीं बना सका है। महकमे की इस लापरवाही का शहरवासियों को खामियाजा भुगतना पड़ेगा। हल्की सी बरसात होने के साथ ही पेयजल योजनाओं में पानी मटमैला हो जाता है। इसके चलते आईपीएच महकमा पानी की पंपिंग बंद कर देता है। बीते तीन दिन से जारी बारिश के चलते शहर में एक दिन छोड़ कर सप्लाई दी जा रही है। यह सिलसिला आगामी दो माह तक जारी रहने की संभावना है।
राजधानी को पीने का पानी मुहैया करवाने वाली पेयजल योजनाओं अश्वनी खड्ड, गिरि, गुम्मा, चेयढ़ और चुरट में बारिश के चलते पानी मटमैला हो जाता है। पानी के साथ-साथ भारी मात्रा में मिट्टी आ जाती है। अगर यह मिट्टी पंप तक पहुंच जाए तो आईपीएच महकमे की करोड़ों रुपये की मशीनरी को नुकसान होता है। ऐसे में मशीनरी को बचाने के लिए महकमा पानी मटमैला होते ही पानी की पंपिंग बंद कर देता है। दोबारा पंपिंग शुरू होने पर भंडारण टैंकों तक पानी की सप्लाई पहुंचने में तीन से चार घंटे तक लग जाते हैं। भारी बारिश के दौरान तो विभाग कई-कई घंटों तक पंप बंद रखता है। इस कारण शहर में जल संकट हो जाता है। हर साल बरसात के मौसम में यह समस्या होती है, आज तक इस समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
---
बारिश हुई तो समझो नहीं आएगा पानी
आने वाले दो माह के दौरान शहर में पानी की सप्लाई आएगी या नहीं। इसका अंदाजा शहरवासी स्वयं भी लगा सकते हैं। मान लीजिए कि रविवार रात को अगर तेज बारिश हुई है, सोमवार सुबह पानी की सप्लाई का भरोसा नहीं होगा। अगर सप्लाई मिल भी गई तो वो भी पूरे शहर को नहीं मिलेगी। नगर निगम अपने स्टोरेज टैंकों से कुछ क्षेत्रों में ही सप्लाई कर सकेगा, शेष क्षेत्रों के लोगों को अगले दिन पानी मिलेगा। इस रोज बीते दिन सप्लाई प्राप्त कर चुके लोगों को कट लगाया जाएगा।
---
सेंट्रल जोन में नहीं हुई पानी की सप्लाई
गिरि और गुम्मा पेयजल योजना में गाद आने के चलते सोमवार सुबह सेंट्रल जोन के तहत माल रोड, लोअर बाजार, कृष्णानगर, नाभा, फागली, राम बाजार, सब्जी मंडी, कार्ट रोड, लक्कड़ बाजार, टुटीकंडी और आसपास के क्षेत्रों में पानी की सप्लाई नहीं हुई है। निगम अभियंता विजय गुप्ता का कहना है कि पर्याप्त सप्लाई नहीं मिलने के चलते कट लगाना पड़ा है। रविवार को जिन क्षेत्रों में सप्लाई प्रभावित रही थी, वहां सोमवार को पानी दिया गया है।
---
आज पूरे शहर को पर्याप्त सप्लाई का दावा
नगर निगम ने मंगलवार को पूरे शहर में पीने के पानी की सप्लाई देने का दावा किया है। जल शाखा के अधिकारियों का कहना है कि स्टोरेज टैंक भर लिए गए हैं। अगर आईपीएच से कम सप्लाई भी मिलती है तो भी मंगलवार सुबह पूरे शहर को सप्लाई दी जा सकेगी।