शिमला। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी गर्मियों की छुट्टियां मनाने 20 जून को शिमला आएंगे। वह 22 जून तक 3 दिन शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर छराबड़ा स्थित राष्ट्रपति निवास रिट्रीट में विश्राम करेेंगे। इस दौरान उनका कोई अन्य आधिकारिक कार्यक्रम नहीं है।
राष्ट्रपति के शिमला दौरे की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव पी. मित्रा ने शनिवार को राज्य सरकार के अफसरों के साथ बैठक की। इसमें जीएडी के सचिव भरत खेड़ा, पीडब्ल्यूडी एवं पर्यटन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। राष्ट्रपति ने पिछले साल शिमला दौरे के दौरान राष्ट्रपति निवास में कुछ बदलाव करने के निर्देश दिए थे। मुख्य सचिव ने पीडब्ल्यूडी के अफसरों को हिदायत दी कि ये बदलाव उनके शिमला आने से पहले पूरे हो जाने चाहिए। राष्ट्रपति का शिमला में आधिकारिक निवास है। इस कारण कई राष्ट्रपति छुट्टियों में शिमला आते रहे हैं। हालांकि, प्रणब मुखर्जी का यहां से खास लगाव है।