शिमला। हिमाचल में सामाजिक सुरक्षा पेंशन केे दायरे में 12 हजार नए लोगों को लिया गया है। इनके आवेदनों को मंजूर कर लिया गया है। इसके अलावा प्रदेश के सभी पेंशनधारकों के लिए बढ़ी हुई सामाजिक सुरक्षा पेंशन को एक अप्रैल 2014 से लागू किया गया है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने यह घोषणा सात फरवरी को बजट भाषण में की थी। इस अधिसूचना में आचार संहिता के कारण ही देरी हुई।
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार वृद्धों, विधवाओं, परित्यक्ताओं, विकलांगों आदि के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन अब 500 रुपये के स्थान पर 550 रुपये होगी। 70 प्रतिशत से अधिक विकलांगों के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन 500 रुपये से बढ़कर 750 और अन्य पेंशन नहीं लेने वाले 80 साल से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए 1000 रुपये प्रति माह के हिसाब से दी जाएगी।
अतिरिक्त मुख्य सचिव सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार नए 12000 लोगों को भी यह सामाजिक सुरक्षा पेंशन एक अप्रैल 2014 से पहलेे मिलेगी।
इनसेट
हाउसिंग सब्सिडी की अधिसूचना भी जारी
शिमला। मुख्यमंत्री की अन्य बजट घोषणाओं में से सरकार ने हाउसिंग रिपेयर सब्सिडी को 15000 रुपये से बढ़ाकर 25000 रुपये कर दिया है। इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। यह व्यवस्था भी एक अप्रैल, 2014 से लागू होगी। पिछडे़ तबकों के लिए यह 17000 के बजाय 35000 रुपये मिलेगी।