शिमला। कॉलेजों में दूसरे सत्र की परीक्षा के लिए एचपीयू ने शेड्यूल जारी कर दिया है। कॉलेज छात्रों के लिए ऑनलाइन फार्म भरने के लिए अंतिम तिथि 21 मई होगी। इक्डोल तथा प्राइवेट छात्रों के लिए 30 मई तक बिना लेट फीस अंतिम तिथि तय की गई है। विवि के कुलसचिव की ओर से कॉलेजों को सूचना दे दी गई है। छात्रों की सुविधा के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन फार्म और इससे संबंधित हर तरह की जानकारी उपलब्ध करवा दी गई है। छात्र फार्म को कॉलेज या फिर अपने स्तर पर साइबर कैफे में जाकर भर सकते हैं। कॉलेज छात्र 21 मई तक बिना लेट फीस, 26 मई तक सौ रुपये, 30 मई तक 125 रुपये की लेट फीस के साथ फार्म भर सकेंगे। इक्डोल छात्रों के लिए 30 मई बिना लेट फीस के अंतिम तिथि तय की गई है। 4 जून तक सौ रुपये लेट फीस के साथ और 7 जून तक 125 रुपये लेट फीस के साथ ऑनलाइन परीक्षा फार्म भर सकेंगे। विशेष परिस्थितियों में कुलपति की मंजूरी पर 150 रुपये फीस के साथ फार्म भरे जा सकेंगे।
---
कुलसचिव डा. मोहन झारटा ने माना कि मंगलवार को दूसरे सत्र के लिए ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरने का शेड्यूल जारी कर दिया है।
---
दिन सात, झमेले हजार
एचपीयू के परीक्षा शेड्यूल ने छात्रों को दी टेंशन
आनन फानन में एचपीयू ने जारी किया शेड्यूल
कॉलेज प्रशासन तैयार नहीं इस प्रक्रिया के लिए
मूल्यांकन सेंटरों के छात्र कैसे भर सकेंगे फार्म
नरेंद्र एस. कंवर
शिमला। एचपीयू के परीक्षा शेड्यूल ने छात्रों को मुश्किल में डाल दिया है। महज सात दिन का समय है। जबकि, ऑनलाइन प्रक्रिया के झमेले कई हैं। माना जा रहा है कि आनन फानन में शेड्यूल तय कर दिया गया। कॉलेज प्रशासन इसको लेकर कतई तैयार नहीं हैं। विवि ने ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरने को लेकर बीस मई अंतिम तिथि तय कर दी है।
दूसरे सत्र के परीक्षा फार्म को भरने की प्रक्रिया और कोड दिए जाने से संबंधित जानकारी अभी तक कॉलेज प्रशासन के पास नहीं है। कॉलेज प्रशासन खुद ही इसके लिए तैयार नहीं है। इधर, प्रदेश भर के करीब बारह सेंटरों में मूल्यांकन का कार्य चल रहा है। यहां छात्रों को छुट्टी करनी पड़ी है। ऐसे में यहां छात्र फार्म कैसे भरेंगे।
इधर, पुराने शेड्यूल के मुताबिक 11 से कॉलेजों में अवकाश होना था। छात्रों की छुट्टियों को देखते हुए अधिकतर कॉलेजों में सिलेबस पूरा हो गया है। इसे देखते हुए कॉलेज छात्र अब कॉलेज नहीं आ रहे हैं। छात्र घर भी चले गए हैं। अगर कॉलेज प्रशासन के जरिये इनके फाम्र नहीं भरे जाते हैं तो अपने स्तर पर फार्म भरने होंगे। इसके लिए साइबर कैफे में अतिरिक्त खर्च पड़ेगा। कई दुर्गम क्षेत्रों में शायद यह सुविधा छात्रों को मिल सके। ऐसे में ये छात्र अब क्या करेंगे।
---
छात्रों को दिया जाए और समय
एबीवीपी के राज्य महामंत्री अजय ठाकुर ने कहा कि ऑनलाइन फार्म भरने के लिए छात्रों को और समय दिया जाए। सात दिन में प्रक्रिया पूरी करना संभव नहीं।
---
एसएफआई के राज्य सचिव पुनीत धांटा और पूर्व एससीए सचिव पीयूष सेवल का कहना है कि प्रैक्टिकल कब होंगे, इसका कोई पता नहीं। फार्म भरने की तिथि भी बढ़ाई जानी चाहिए।