शिमला। केएनएच में डाक्टरों के कमीशन खेल की जांच आईजीएमसी के चार वरिष्ठ डाक्टरों की टीम करेगी। इसमें केएनएच के डाक्टरों का फंसना लगभग तय है। मामले पर कार्रवाई करते हुए शनिवार को आईजीएमसी के प्रधानाचार्य डा. एसएस कौशल ने चार वरिष्ठ डाक्टरों की कमेटी गठित की। कमेटी इन मामलों के अलावा अस्पताल में दूसरे गड़बड़झालों की जांच भी करेगी। अगर डाक्टर मामले में दोषी पाए जाते है तो इन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आईजीएमसी के प्रधानाचार्य डा. एसएस कौशल ने कहा है कि कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। मरीजों के हितों से किसी को खिलवाड़ नहीं करने देंगे। कमला नेहरू अस्पताल के दो डाक्टरों पर लगे आरोपों ने अस्पताल प्रबंधन की सक्रियता को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है।
---
सुबूत जुटाने में जुटा प्रबंधन
डाक्टरों पर लगे गंभीर आरोपों की जांच करने में कमला नेहरू अस्पताल प्रबंधन भी जुट गया है। शनिवार को अस्पताल प्रबंधन ने शिकायतकर्ताओं और अमर उजाला से सुबूत जुटाए हैं।
---
‘अमर उजाला’ का आभार जताया
कमला नेहरू अस्पताल में भर्ती कई मरीजों और तीमारदारों ने मामला उजागर करने पर ‘अमर उजाला’ का आभार जताया। ‘अमर उजाला’ रीडर कनेक्ट हेल्पलाइन पर शनिवार को कई लोगों ने संपर्क कर इस मामले को प्रमुखता से उठाने पर खुशी जताई और आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा है कि डाक्टरों के डर के चलते मरीज चुपचाप सब कुछ सहते थे। ‘अमर उजाला’ ने उन्हें एक नई राह दिखाई है।