शिमला। ‘राम नाम मृदु मंगल हारी, विघ्न हरे सब बाधा हारी’ और ‘जय जय राम, जय सिया राम’ के उद्घोषों से शनिवार को राजधानी गूंज उठी। मौका था श्री राम मंदिर से निकली मनमोहक शोभा यात्रा का। दोपहर साढ़े बारह बजे श्रीराम मंदिर से शोभा यात्रा निकली। महिला संगीत दल और बैंडबाजों के साथ शोभा यात्रा कार्ट रोड, गंज बाजार, माल रोड और लोअर बाजार होते हुए वापस श्रीराम मंदिर पहुंची। शोभायात्रा में आर्य समाज और सनातन धर्म स्कूल के छात्रों ने भी हिस्सा लिया। शोभा यात्रा में भगवान राम-सीता, हनुमान, राधा- कृष्ण, दुर्गा, काली, शिव-पार्वती और गणेश की झांकियां भी निकाली गईं। शोभा यात्रा की अगुवाई आर्य समाज और सनातन धर्म स्कूल के छात्रों ने की। इसके बाद राम दरबार, शिव दरबार, राधा-कृष्ण और गोपियां, शक्ति के विभिन्न स्वरूपों की झांकियां निकलीं। इसके अलावा विश्व जागृति मिशन, आर्ट ऑफ लिविंग, दिव्य ज्योति जागृति संस्थान, डेरा बाबा रुद्रानंद मंडल, कृष्णेश्वरी वंदना ट्रस्ट और छोटा शिमला की शिव कीर्तन मंडली ने भी शोभायात्रा में हिस्सा लिया।
सुबह 6:30 बजे निकाली प्रभात फेरी
शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे श्री राम मंदिर से प्रभात फेरी निकली। भारी संख्या में शहर की महिलाओं और पुरुष भक्तों ने प्रभात फेरी में हिस्सा लिया। लोअर बाजार और माल रोड होते हुए प्रभात फेरी वापस राम मंदिर में संपन्न हुई।