शिमला। बैंक अफसर के घर से चोरों ने करीब चार लाख के जेवर चोरी कर लिए। चोर अलमारी से तीन हजार नकद और एक डिजीटल कैमरा ले गए। मशोबरा में सोमवार को वारदात दिनदहाड़े अंजाम दी गई। घर का ताला तोड़कर चोर भीतर दाखिल हुए। चोरी का पता शाम करीब चार बजे चला।
पुलिस के मुताबिक कुंदन लाल कश्यप बैंक में अधिकारी हैं। इनकी पत्नी और दो बेटियां मशोबरा में रहती हैं। इनकी रिहायश ग्राउंड फ्लोर पर है। सोमवार को परिवार के सदस्य घर से बाहर थे। इनकी एक बेटी कविता पीजीडीसीए कर रही है। वह संस्थान से शाम को घर लौटी, तब चोरी का पता चला।
----
दोपहर 12:00 से 1:00 बजे के बीच चोरी
पुलिस को अंदेशा है कि चोरी की वारदात दोपहर 12:00 बजे से 1:00 बजे के बीच हुई है। जिस वक्त वारदात हुई, उस समय घर के ऊपरी मंजिल में भी लोग मौजूद थे। इतना ही नहीं, सामने वाले घर की छत पर भी महिलाएं धूप सेंक रही थीं। इन लोगों से जब पूछताछ की गई तो किसी ने कोई अनजान व्यक्ति नहीं देखा। उधर, डीएसपी हेडक्वार्टर भजन नेगी ने कहा कि पुलिस हर पहलू पर तफ्तीश कर रही है। इस संदर्भ में थाना ढली में मुकदमा कायम कर लिया गया है।