शिमला। हिमाचल में इस बार सर्दियों का दौर काफी लंबा खिंच गया है। 23 मार्च से मौसम फिर बदलने वाला है। चोटियों पर हिमपात का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि ईरान, अफगानिस्तान के ऊपर बनने वाले हवा के कम दबाव के क्षेत्र के लिए पश्चिमी विक्षोभ ज्यादा सक्रिय है। मार्च अंत तक इसका असर रहेगा। इस कारण मैदानों में भी बारिश होती रहेगी। मौसम विभाग का कहना है कि मौसम में यह परिवर्तन सामान्य है। 24-25 और 26 मार्च को मौसम साफ रहेगा। इसके बाद 27 मार्च को मौसम के बिगड़ने के आसार हैं। शुक्रवार को भी मनाली की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ और निचले इलाकों में बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। उधर चंबा के ऊपरी इलाकों में हल्की बूंदाबादी हो रही है। मौसम विभाग के शिमला केंद्र के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि इस बार में आया परिवर्तन सामान्य है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के अधिक सक्रिय होने के कारण इस बार बारिश व बर्फबारी हो रही है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि 23 मार्च से फिर मौसम के खराब होने का पूर्वानुमान है और दो दिन खराब रहने के बाद फिर से मौसम साफ हो जाएगा।