शिमला। लोकल बसों में सफर के दौरान यदि ड्राइवर-कंडक्टर महिलाओं को सीट नहीं दिलाते या पुरुष यात्री सीट खाली नहीं करते तो अब ट्रैफिक पुलिस की लेडी कांस्टेबल महिलाओं की मदद करेंगी। आरक्षित सीटों को लेकर महिलाओं को उनका हक दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस विशेष मुहिम शुरू कर रही है। महिलाओं के लिए आरक्षित सीट खाली न करने वाले पुरुष यात्रियों को बस से उतार दिया जाएगा।
प्वाइंट ड्यूटी पर तैनात लेडी कांस्टेबल बसों का निरीक्षण भी करेंगी। महिला यात्री खड़े होकर सफर करते हुए मिलीं, तो बस का चालान किया जाएगा। सीट न छोड़ने वाले पुरुष यात्री को भी बस से उतार दिया जाएगा। महिलाएं सीट के अतिरिक्त उन्हें पेश आ रही अन्य समस्याओं की शिकायत भी लेडी कांस्टेबल से कर सकेंगी।
लेडी कांस्टेबलों को दिए हैं निर्देश
बसों में आरक्षित सीटें महिलाओं को मिलें, इसके लिए लेडी कांस्टेबलों को व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए हैं। सफर कर रही महिलाएं उन्हें पेश आ रही किसी भी समस्या के लिए प्वाइंट ड्यूटी पर तैनात लेडी कांस्टेबलों से संपर्क कर सकती हैं। लेडी कांस्टेबल अपने स्तर पर व्यवस्था बनाने का प्रयास करेंगी या संबंधित थाने को मैसेज कर सकती हैं।
- दिनेश शर्मा
डीएसपी ट्रैफिक, शिमला
महिलाओं को करेंगे जागरूक
लेडीज कांस्टेबल बसों में सफर करने वाली महिलाओं को आरक्षित सीट को लेकर उनके अधिकार के बारे में जागरूक करेंगी। महिलाओं को बताया जाएगा कि आरक्षित सीट पर उनका हक है और सीट दिलाना बस के ड्राइवर-कंडक्टर की जिम्मेदारी।
कांस्टेबल न मिले, तो यहां करें शिकायत
शहर में ऐसे स्थानों पर जहां महिला कांस्टेबल या अन्य ट्रैफिक पुलिस कर्मी मौजूद न हों, तो महिलाएं ट्रैफिक पुलिस के कंट्रोल रूम 0177-2651850 पर फोन कर या 94591-00100 पर मैसेज कर शिकायत कर सकती हैं।