शिमला। एचपीसीए की क्रिकेट अकादमी का निर्माण करने वाले सरकारी ठेकेदार नरेश कुमार बिज को नगर निगम ने शनिवार को एक और नोटिस जारी किया है। नोटिस देकर ठेकेदार को नगर निगम की लालपानी स्थित आवासीय कालोनी के पास क्षतिग्रस्त की गई दीवार का जल्द से जल्द निर्माण करने का निर्देश दिया है। ठेकेदार को चेताते हुए कहा गया कि अगर दीवार का निर्माण नहीं किया तो नगर निगम स्वयं दीवार बनाएगा। निर्माण पर आने वाले खर्च की भरपाई ठेकेदार से की जाएगी। निगम की भवन एवं मार्ग शाखा के अधिशासी अभियंता एचके गुप्ता ने नोटिस भेजा है।
नगर निगम के मुताबिक 18 जून को भी ठेकेदार को दीवार का निर्माण करने के लिए नोटिस भेजा था। लेकिन अभी तक ठेकेदार ने नोटिस पर अमल नहीं किया है। इसके चलते शनिवार को निगम ने अंतिम नोटिस भेजकर ठेकेदार को कड़ी कार्रवाई के प्रति चेताया है। ठेकेदार पर लालपानी में क्रिकेट अकादमी का निर्माण करने के दौरान निर्माण सामग्री ले जाने के लिए दीवार को हटाने का आरोप है। उल्लेखनीय है कि नगर निगम नोटिस भेजने के साथ ही विभागीय स्तर पर दीवार निर्माण करने का एस्टीमेट तैयार कर लिया है। तीन मीटर ऊंची और दस मीटर लंबी दीवार का निर्माण किया जाना है। इस पर 73,400 रुपये का खर्च आएगा।
...
बर्दाश्त नहीं होगी अनदेखी : महापौर
महापौर संजय चौहान का कहना है कि ठेकेदार को जून में नोटिस दिया था लेकिन, उस नोटिस की अनदेखी हुई है। अब नोटिस की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।