शिमला। दो महीने बीत गए हैं, आधार कार्ड बनाने के लिए सारी औपचारिकताएं पूरी कर जमा करवा दी लेकिन अभी तक कार्ड नहीं मिला तो घबराने की जरूरत नहीं। अब आप सुगम केंद्र से अपना आधार कार्ड हासिल कर सकते हैं। आपको केवल वहां जाकर अपना रजिस्ट्रेशन नंबर बताना होगा। हालांकि अभी जिला शिमला में पंद्रह से बीस फीसदी लोगों ने आधार कार्ड के लिए अप्लाई तक नहीं किया है। लेकिन जिन लोगों ने दस्तावेज जमा करवाएं भी हैं, इनमें से करीब बीस फीसदी लोगों को कार्ड नहीं मिल पाए हैं।
कैश सब्सिडी ट्रांसफर स्कीम के अलावा राशनकार्ड में भी आधार कार्ड का होना जरूरी हो गया है। लिहाजा लोगों में आधार कार्ड को लेकर जल्दबाजी है। हालांकि प्रशासन की ओर से यह साफ कर दिया गया है कि अगर आपके पास आधार कार्ड नहीं है तो रजिस्ट्रेशन नंबर से ही काम चल जाएगा। इस बारे में एडीएम कानून व्यवस्था डीके रतन ने कहा कि जिन्हें अब तक आधार कार्ड नहीं मिला है, वे उपायुक्त कार्यालय में आकर सुगम केंद्र से रजिस्ट्रेशन नंबर बताकर आधार कार्ड ले सकते हैं। यह व्यवस्था लागू कर दी गई है।