शिमला। गोलीकांड मामले के जांच अधिकारी लॉ एंड आर्डर डा. नरेश कुमार लट्ठ ने पुलिस महकमे से रिकार्ड तलब किया है। आरोपी कांस्टेबल कब से पुलिस पार्किंग तारादेवी में तैनात है, हर्ष की गाड़ी किस अपराध में पकड़ी थी और कब से यह कस्टडी में है, गोली का शिकार बने प्रिंस की गाड़ी को कब कब्जे में लिया, घटना वाले दिन पुलिस ने रोजनामचे में क्या रिपोर्ट डाली, इन सब सवालों के जवाब मांगे गए हैं।
उधर, सोमवार को पुलिस महानिदेशक आईडी भंडारी ने वारदात स्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी ली। इस बीच वह प्रिंस के परिजनों से भी मिले। परिजनों ने उनसे कहा कि घटना वाले दिन की जानकारी बालूगंज पुलिस उनसे छिपाती रही। उन्हें वारदात तक की सूचना तक नहीं दी गई। अगर प्रिंस को पुलिस समय रहते अस्पताल पहुंचा देती तो उनके बेटे की जान बच सकती थी। पुलिस महानिदेशक ने एसपी अभिषेक दुल्लर से घटना वाले दिन की पूरी रिपोर्ट तलब की है। इस सवाल पर कि हादसे के बाद भी क्यों नहीं हटाए गए कांस्टेबल? जवाब में पुलिस महानिदेशक ने कहा कि यह संबंधित एसपी का निर्णय रहता है।