शिमला। कोटशेरा कालेज में मंगलवार को एसएफआई और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने परीक्षा फीस में वृद्धि और परीक्षा फार्म के दाम बढ़ाने पर राज्य सरकार और प्रदेश विश्वविद्यालय के खिलाफ रोष प्रदर्शन कर जोरदार नारेबाजी की। दोनों छात्र संगठनों ने प्रदेश विवि को 30 नवंबर तक फीस वृद्धि के फैसले को वापस लेने का अल्टीमेटम दिया। चेताया गया कि अगर इस समयावधि के दौरान फैसला वापस न लिया गया तो उग्र आंदोलन झेलने के लिए विवि प्रशासन तैयार रहे।
एसएफआई कालेज परिसर अध्यक्ष अंकुश ठाकुर का कहना है कि जब कालेज में परीक्षा फीस ले ली गई थी तो छात्रों पर 280 रुपये का बोझ क्यों डाला गया। उन्होंने बताया कि छात्रों से बीएससी में 280 रुपये और बीए, बीकाम में 260 रुपये फीस दोबारा ली जा रही है। इससे साफ पता चलता है कि विश्वविद्यालय प्रशासन व प्रदेश सरकार शिक्षा को व्यापार के रूप में देख रही है। एसएफआई के प्रदर्शन में चंद्रकांत वर्मा, यशपाल, अंकुश ठाकुर, यश, अंकित, रोहित, पंकज, हितेश, लोकेंद्र, साहिल, मोहित, सुमित, मनोज, प्रिंस, मुकेश, राहुल, कपिल आदि छात्र मौजूद रहे। वहीं, एनएसयूआई कालेज परिसर अध्यक्ष अलोद चौहान का कहना है कि अगर जल्द से जल्द उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वे अपने आंदोलन को ओर तेज करेंगे। इस अवसर पर अलोद चौहान के अलावा सुनील कुमार, भूपेंद्र शर्मा, बलविंद्र, अनूप, मनीष, प्रवीण, राज कुमार, राज, प्रेम, गोलू, कुलवंत, हितेंद्र आदि ने फीस वृद्धि के खिलाफ आवाज उठाई।