शिवपुरी की पूनम गुप्ता की शादी राष्ट्रपति भवन में हुई है।
- फोटो : अमर उजाला
Meet Poonam Gupta : नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में एक शादी का आयोजन किया गया। इस दौरान सीआरपीएफ असिस्टेंट कमांडेंट पूनम गुप्ता लाल जोड़े नजर आईं। सीआरपीएफ अधिकारी पूनम पांडे अवनीश कुमार संग शादी के बंधन में बंधीं। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्वयं उपस्थित रहीं और नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। हालांकि ये पहली बार नहीं था कि राष्ट्रपति भवन में वैवाहिक समारोह का आयोजन हुआ हो। इसके पहले साल 2017 में संयुक्त सचिव भरत लाल की बेटी इशिता का विवाह भी राष्ट्रपति भवन में हुआ था, जिसमें तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शामिल हुए। वहीं इसके पहले पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी भी राष्ट्रपति भवन में आयोजित हुई शादी में नजर आए थे। आइए जानते हैं कौन हैं पूनम गुप्ता, जिन्होंने राष्ट्रपति भवन में शादी की है।
पूनम गुप्ता कौन हैं?
पूनम गुप्ता मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की निवासी हैं। पूनम ने गणित में स्नातक किया है और अंग्रेजी साहित्य में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त की है। आगे की पढ़ाई पूनम गुप्ता ने ग्वालियर की जीवाजी विश्वविद्यालय से की। यहां से उन्होंने बी.एड. की डिग्री हासिल की है।
पूनम गुप्ता का करियर
साल 2018 में पूनम ने यूपीएससी सीएपीएफ परीक्षा पास ही। उनकी 81वीं रैंक आई, जिसके बाद सीआरपीएफ में भर्ती हुई। पूनम गुप्ता की तैनाती बिहार के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हुई, जहां उन्होंने अपनी सेवाएं दीं। हालांकि वर्तमान में पूनम गुप्ता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की पर्सनल सिक्योरिटी (PSO) के रूप में तैनात हैं।
कौन हैं सीआरपीएफ अधिकारी पूनम गुप्ता के पति
पूनम गुप्ता की शादी अवनीश कुमार से हुई है। अवनीश खुद सीआरपीएफ में असिस्टेंट कमांडेंट हैं और वर्तमान में जम्मू कश्मीर में तैनात हैं।
राष्ट्रपति भवन में क्यों हुई पूनम गुप्ता की शादी
पूनम गुप्ता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा में तैनात हैं। उनकी शादी के लिए राष्ट्रपति ने विशेष अनुमति दी, जिसके बाद 12 फरवरी 2025 को राष्ट्रपति भवन के मदर टेरेसा कॉम्प्लेक्स में पूनम गुप्ता और अवनीश कुमार का विवाह संपन्न हुआ।
यह विवाह समारोह राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने के कारण विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह स्थान आमतौर पर राष्ट्राध्यक्षों के स्वागत और सरकारी आयोजनों के लिए जाना जाता है। राष्ट्रपति की विशेष अनुमति से इस निजी समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें परिवार के करीबी सदस्य और विशिष्ट अतिथि शामिल हुए।