नईमा खातून अलीगढ मुस्लिम विवि की कुलपति
- फोटो : instagram/amu.sports
AMU First Female Vice Chancellor: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय का इतिहास जितना पुराना है, उतना ही खास है। इस विश्व विख्यात विश्वविद्यालय के नाम पर एक और ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ गई है। लगभग 100 वर्षों बाद अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में पहली महिला कुलपति की नियुक्ति हुई है। अलीगढ़ मुस्लिम विवि की महिला कुलपति का नाम नईमा खातून है, जो कि अगले पांच वर्षों तक यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर पद पर रहने वाली हैं।
खातून से पहले बेगम सुल्तान थीं चांसलर
नईमा खातून से पहले बेगम सुल्तान जहां एएमयू में शीर्ष पद संभालने वाली एकमात्र महिला थीं। बेगम सुल्तान 1920 में एएमयू की चांसलर नियुक्त की गई थीं। देश की राष्ट्रपति और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की विजिटर द्रौपदी मुर्मू से मंजूरी मिलने के बाद नईमा खातून की नियुक्ति एएमयू के वाइस चांसलर के पद पर की गई।
कौन हैं नईमा खातून?
नईमा खातून इसके पहले महिला कॉलेज की प्रधानाचार्या रह चुकी हैं। उन्होंने एएमयू से मनोविज्ञान में पीएचडी पूरी की है और बाद में 1988 में उसी विभाग में व्याख्याता नियुक्त हुईं। 2006 में उनकी प्रोफेसर के पद पर पदोन्नत हुई और 2014 में महिला कॉलेज की प्रिंसिपल बनीं।
एएमयू की वीसी पद के लिए चुनौती
हालांकि वीसी पद के लिए नईमा खातून की उम्मीदवारी को 2023 नवंबर माह में इलाहाबाद उच्च न्यायालय में चुनौती दी गई थी। इसका आधार था कि उनका नाम पति मोहम्मद गुलरेज की अध्यक्षता वाली एक समिति ने शॉर्टलिस्ट किया है, जो कि विवि के कार्यवाहक वीसी के रूप में कार्यरत थे। हालांकि इस याचिका को खारिज कर दिया गया। एक अन्य चुनौती दी गई है लेकिन मामला फिलहाल लंबित है।