भारतीय वायु सेना में महिलाओं की भागीदारी न केवल देश की सुरक्षा में अहम योगदान दे रही है, बल्कि यह लैंगिक समानता और सशक्तिकरण की दिशा में भी एक प्रेरणादायक कदम है।
महिलाओं के लिए युद्धक विमान उड़ाने के रास्ते खुलने के बाद तेजस लड़ाकू विमान उड़ाने वाली पहली महिला पायलट मोहना सिंह बन गई हैं। आइए जानते हैं कौन हैं मोहना सिंह और उनकी उपलब्धियां क्या हैं।
मोहना सिंह कौन हैं?
मोहना सिंह भारतीय वायु सेना में स्क्वाड्रन लीडर के पद पर कार्यरत हैं। वह एयरफोर्स के तेजस लड़ाकू विमान को उड़ाने वाली पहली महिला पायलट बन गई हैं। उन्हें गुजरात के नलिया में स्थित नंबर 18 फ्लाइंग बुलेट्स स्क्वाड्रन सौंपा गया है।
मोहना सिंह का परिचय
स्क्वाड्रन लीडर मोहना सिंह का जन्म 22 फरवरी 1992 को राजस्थान के झुंझुनू में हुआ था। उनके पिता का नाम प्रताप सिंह है, जो कि एक रिटायर्ड एयरफोर्स अधिकारी हैं और उनकी मां मंजू सिंह एक शिक्षिका हैं।
मोहना सिंह की शिक्षा
मोहना सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा दिल्ली के एयरफोर्स स्कूल से प्राप्त की। उन्होंने आगे की पढ़ाई पंजाब के अमृतसर में ग्लोबल इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजी से की। मोहना ने इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्यूनिकेशन में बीटेक की डिग्री प्राप्त की है।
सरकार ने पायलट आधार पर महिलाओं के लिए फाइटर स्ट्रीम खोलने का निर्णय लिया। जिसके एक साल के भीतर साल 2016 में मोहना भारतीय वायु सेना में शामिल हुईं और पहली तीन महिला लड़ाकू पायलटों में से भी एक बनीं।
मोहना सिंह की उपलब्धि
मोहना अवनी चतुर्वेदी, भावना कंठ के साथ पहली महिला फाइटर पायलटों के बैच में शामिल थीं। वह पहले नंबर 3 फाइटर स्क्वाड्रन का हिस्सा थीं, जो राजस्थान के नाल में स्थित है। मोहना ने इसके पहले मिग 21 बाइसन विमान भी उड़ाया है। साल 2020 में मोहना सिंह को नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित भी किया जा चुका है।