अंशुला कांत वर्ल्ड बैंक की एमडी और सीएफओ के पद पर कार्यरत हैं
- फोटो : Instagram
Anshula Kant : भारतीय महिलाएं वैश्विक स्तर पर बड़े संस्थानों तक अपनी सेवा दे रही हैं। इन्हीं महिलाओं में एक नाम अंशुला कांत का है। अंशुला कांत ने दुनियाभर में अपना नाम बनाया है और देश का नाम भी रोशन किया है। अंशुला देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक एसबीआई की पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। हालांकि इससे बड़ी उपलब्धि ये है कि वर्तमान में अंशुला विश्व बैंक की भी मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर के पद की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। वर्ल्ड बैंक के प्रेसिडेंट डेविड मल्पास ने जुलाई 2019 में उनके अंशुला कांत की इस उपलब्धि का एलान किया था।
अंशुला कांत को वित्त और बैंकिंग सेक्टर में लगभग 35 सालों का अनुभव है। वर्ल्ड बैंक की एमडी और सीएफओ का पद संभालने से पहले उन्होंने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में भी बड़ा योगदान दिया। अंशुलाा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजिंग डायरेक्टर रह चुकी हैं। इसके साथ ही अंशुला को बैंकिंग सेवा में तकनीक के शानदार इस्तेमाल के लिए जाना जाता है।
अंशुला कांत का जीवन परिचय
अंशुला कांत का जन्म उत्तराखंड के रुड़की जिले में 1960 में हुआ था। एक हिंदू परिवार में जन्मी अंशुला ने 1979 में दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर विमेन से अर्थशास्त्र में स्नातक की डिग्री हासिल की। वहीं बाद में दिल्ली स्कूल आॅफ इकोनाॅमिक्स से अर्थशास्त्र में परास्नातक करते हुए पढ़ाई पूरी की। इसके अलावा अंशुला इंडियन इंस्टीट्यूट आफ बैंकर्स से एक प्रमाणित एसोसिएट हैं।
अंशुला की शादी वाराणसी के चार्टर्ड अकाउंटेंट संजय कांत से हुई। अंशुला का एक बेटा और एक बेटी है। उन्होंने करियर के शुरुआती दिनों में एसबीआई में प्रोबेशनरी ऑफिसर के तौर पर कार्य किया। वह एसबीआई महाराष्ट्र और गोवा की मुख्य महाप्रबंधक रहीं। इसके अलावा सिंगापुर एसबीआई की मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनीं।
2018 में दो साल के लिए एसबीआई की प्रबंध निदेशक और बैंक के बोर्ड की सदस्य बनीं। 2019 में अंशुला ने विश्व बैंक समूह के मुख्य वित्तीय अधिकारी और प्रबंध निदेशक का पद प्राप्त किया।